
बलरामपुर: नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति देने वाले अभिभावकों और वाहन मालिकों के खिलाफ बलरामपुर पुलिस ने अब सख्ती बढ़ा दी है। मोटरयान अधिनियम की धारा 199(क) के तहत नाबालिग के वाहन चलाते पकड़े जाने पर वाहन जब्त कर संबंधित अभिभावक या वाहन स्वामी के खिलाफ प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। इस प्रावधान के तहत दोषी पाए जाने पर 25 हजार रुपये तक जुर्माना और 3 वर्ष तक के कारावास का प्रावधान है।
पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देश पर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए जिले में नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक झा के मार्गदर्शन तथा पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के निर्देशन में कार्रवाई की जा रही है।अभियान के पहले चरण में 30 जुलाई 2026 से जिले के थाना और चौकी क्षेत्रों के शासकीय-अशासकीय विद्यालयों तथा अन्य शिक्षण संस्थानों में जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने देने तथा उन्हें वाहन उपलब्ध नहीं कराने की समझाइश दी।इसके बाद भी नाबालिगों के वाहन चलाते पाए जाने पर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी। जिले के विभिन्न थाना, चौकी और यातायात पुलिस ने अब तक 83 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए 1 लाख 23 हजार 500 रुपये समन शुल्क वसूल किया है। संबंधित अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन को भी भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति नहीं होने की सख्त हिदायत दी गई है।
6 मामलों में कोर्ट भेजे जा रहे प्रकरण
पुलिस के अनुसार अब धारा 199(क) के तहत सीधे कानूनी कार्रवाई की जा रही है। नाबालिग के वाहन चलाते पाए जाने पर वाहन जब्त कर माता-पिता अथवा वाहन स्वामी के विरुद्ध प्रकरण तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। वर्तमान में थाना रामानुजगंज के 2, यातायात बलरामपुर के 2 और चौकी वाड्रफनगर के 2, कुल 6 प्रकरण न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए जा रहे हैं।
बलरामपुर पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी परिस्थिति में नाबालिग बच्चों को मोटर वाहन चलाने की अनुमति न दें और न ही उन्हें वाहन उपलब्ध कराएं। पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है और नाबालिगों के वाहन चलाने से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।


















