
मुंबई. मुंबई में ED के दो अधिकारियों पर कारोबारी से 2.25 करोड़ रुपये की कथित जबरन वसूली का मामला दर्ज हुआ है। दोनों अधिकारी जयपुर ED कार्यालय में तैनात बताए गए हैं। मामले की जांच अब मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही है।
शिकायत के मुताबिक, दोनों अधिकारी 20 जुलाई को कारोबारी के मुंबई स्थित दफ्तर पहुंचे और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े लेनदेन का आरोप लगाया। कारोबारी का दावा है कि कार्रवाई और गिरफ्तारी का डर दिखाकर पहले 5 करोड़ रुपये मांगे गए, बाद में कथित तौर पर 2.25 करोड़ रुपये में मामला निपटाने की बात हुई।
शिकायत के अनुसार, रकम दो किस्तों में दी गई, पहले 1 करोड़, फिर 1.25 करोड़ रुपये। इसके बाद कथित तौर पर ऐसे दस्तावेज दिखाए गए जिनसे मामला बंद होने का संकेत मिलता था। बाद में दस्तावेजों की जांच में कारोबारी को कथित गड़बड़ी का शक हुआ।
मामले में मोहित गर्ग और देवेंद्र कुमार गुप्ता के खिलाफ जबरन वसूली, आपराधिक धमकी और साजिश से जुड़ी धाराओं में FIR दर्ज की गई है। आरोपों की जांच जारी है।




















