अंबिकापुर: शासकीय कन्या क्रीड़ा परिसर अंबिकापुर की छात्राओं ने खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संस्था एवं सरगुजा संभाग का नाम गौरवान्वित किया है। राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन 17 से 21 सितंबर 2026 तक जगदलपुर, बस्तर में किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता के लिए शासकीय कन्या क्रीड़ा परिसर अंबिकापुर की कुल 21 छात्राओं का चयन हुआ है। चयनित खिलाडि़यों में एथलेटिक्स की 8 तथा हैंडबॉल की 13 छात्राएं शामिल हैं। छात्राओं ने संभागीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी जगह सुनिश्चित की है।

उल्लेखनीय है कि शासकीय कन्या क्रीड़ा परिसर अंबिकापुर की हैंडबॉल टीम पिछले 10 वर्षों से संभागीय स्तर पर लगातार विजेता रही है और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करती आ रही है। इसी क्रम में विगत माह जांजगीर में आयोजित 14 वर्ष बालिका वर्ग की राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में भी परिसर की 9 छात्राओं ने हिस्सा लिया था। छात्राओं ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर पर विजेता का स्थान प्राप्त किया और संस्था एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया। छात्राओं की इस उपलब्धि पर आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त डॉ. ललित शुक्ला एवं सहायक संचालक  किरण राजपूत ने सभी चयनित एवं सफल खिलाडि़यों तथा उनके खेल प्रशिक्षकों (कोच) को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने खिलाडि़यों को आगामी प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया और उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!