
बलरामपुर/राजपुर: गणेश चतुर्थी पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना राजपुर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक पुलिस अधीक्षक बलरामपुर के निर्देशन में हुई, जिसमें पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्र के प्रमुख नागरिक शामिल हुए।
बैठक में गणेश उत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात व्यवस्था सुचारू रखने, गणेश पंडालों की सुरक्षा, विद्युत एवं अग्नि सुरक्षा तथा ध्वनि विस्तारक यंत्रों के नियमानुसार उपयोग को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इसके अलावा गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर भी समिति के सदस्यों के साथ विचार-विमर्श किया गया।
थाना प्रभारी ने गणेश उत्सव समितियों एवं आम नागरिकों से पर्व को आपसी भाईचारे, शांति और सद्भाव के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर भरोसा नहीं करें और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक अथवा भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने से बचें। बैठक में उत्सव समितियों को प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई। साथ ही किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति अथवा संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।बैठक में उपस्थित सदस्यों ने गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। पुलिस ने भी पर्व के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियों पर जोर दिया।




















