
रायपुर: छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार,10 सितंबर से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। बंगाल और बांग्लादेश के आसपास बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से बंगाल की खाड़ी में आज लो-प्रेशर एरिया बनने की संभावना जताई गई है। इसके असर से प्रदेश में नमी वाली हवाओं का प्रवाह बढ़ेगा और कई इलाकों में बारिश तेज हो सकती है।
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। कोरबा के पाली में सबसे ज्यादा 40 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा बिलासपुर के बेलगहना में 30 मिमी, जबकि कोरबा के हरदीबाजार और कांकेर के नरहरपुर में 20-20 मिमी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों परभारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की स्थिति भी बन सकती है।
अगले दो दिनों में और बढ़ेगी बारिश
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, अगले दो दिनों में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है। गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं।
फिलहाल मौसम विभाग ने किसी एक जिले को सबसे अधिक प्रभावित होने की संभावना नहीं बताई है। हालांकि, लो-प्रेशर सिस्टम के सक्रिय होने के साथ प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का दौर तेज हो सकता है।प्रदेश में मानसून सीजन के दौरान अब तक कुल बारिश सामान्य से 6 प्रतिशत कमदर्ज की गई है। मौसम प्रणाली के सक्रिय होने के बाद बारिश की कमी कुछ हद तक पूरी होने की उम्मीद है।
पिछले 24 घंटे में रायपुर में प्रदेश का सबसे अधिक 34.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं, पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
रायपुर में आज आसमान आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। शहर में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।




















