बीजापुर : नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सीआरपीएफ की 199वीं वाहिनी को बड़ी कामयाबी मिली है। 5 सितंबर को संयुक्त टीम ने एड़ी, हर्री, नयापारा, सरपंचपारा, पीडिया और कुआपगुड़ा के आसपास जंगलों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान नक्सलियों के छिपाए हुए 14 डंप का पता लगाया गया।अभियान विश्वसनीय आसूचना के आधार पर कमांडेंट आनंद कुमार के मार्गदर्शन में चलाया गया। उप कमांडेंट दर्शन यादव की निगरानी में बी 199 कंपनी और यंग प्लाटून के जवानों ने इलाके की घेराबंदी कर अलग-अलग हिस्सों में सर्च ऑपरेशन चलाया। बी 199 कंपनी कमांडर अजित कुमार डेका और एफ 199 कंपनी निरीक्षक नीरज कुमार के नेतृत्व में जवानों ने जंगल में संदिग्ध स्थानों की बारीकी से जांच की।

हथियारों के साथ आईईडी बनाने का सामान भी मिला

सर्चिंग के दौरान जवानों को हथियारों और विस्फोटक सामग्री का जखीरा मिला। बरामद सामान में सात रायफल शामिल हैं। इनमें एक 303 बोल्ट एक्शन रायफल, पांच भरमार रायफल और एक 12 बोर देशी रायफल बताई गई है।इसके अलावा आठ डेटोनेटर, कोडेक्स वायर और 10 आईईडी भी बरामद किए गए। एक बिना बैटरी वाला वायरलेस सेट, चार प्लास्टिक कंटेनर और तीन बड़े स्टील कंटेनर भी तलाशी के दौरान मिले।सुरक्षा बलों के अनुसार आईईडी तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, विभिन्न इलेक्ट्रिक उपकरण और नक्सली वर्दी समेत कुल 99 तरह की वस्तुएं बरामद की गई हैं।

सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की तैयारी पर लगा ब्रेक

जवानों ने अभियान के दौरान पूरी सतर्कता के साथ इलाके की घेराबंदी की और चरणबद्ध तरीके से तलाशी ली। बरामद सामग्री को देखकर आशंका है कि इन्हें सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से जंगल में छिपाकर रखा गया था। हथियार और आईईडी बरामद होने से संभावित नक्सली हमले की एक बड़ी तैयारी समय रहते विफल हो गई।एड़ी, हर्री, पीडिया, कुआपगुड़ा और आसपास के जंगल पहले नक्सली गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील माने जाते रहे हैं। लगातार चल रहे सुरक्षा अभियानों से इस क्षेत्र में नक्सली प्रभाव कमजोर होने का दावा किया गया है। वहीं ग्रामीणों के बीच सुरक्षा को लेकर भरोसा भी मजबूत हुआ है।

आगे भी जारी रहेगा आसूचना आधारित अभियान

कार्रवाई के दौरान किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। 199वीं वाहिनी के कमांडेंट आनंद कुमार ने कहा कि सीआरपीएफ का उद्देश्य नागरिकों की सुरक्षा के साथ क्षेत्र में शांति और विकास का माहौल कायम करना है। उन्होंने कहा कि आगे भी विश्वसनीय आसूचना के आधार पर अभियान चलाए जाएंगे और नक्सल प्रभाव को पूरी तरह समाप्त करने के लिए सुरक्षा बलों की कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!