
बलरामपुर: नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुसमी पुलिस ने नशीली कफ सिरप सप्लाई करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी की पहचान दामोदर प्रसाद (59) निवासी बस स्टैंड रोड महुआडाड़, थाना महुआडाड़, जिला लातेहार (झारखंड) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार 16 मार्च 2026 को थाना कुसमी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुसमी निवासी आसिफ अंसारी उर्फ बबलू नशीली कफ सिरप लेकर बिक्री के लिए घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एकलव्य स्कूल के सामने मेन रोड कुसमी के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा।तलाशी के दौरान उसके कब्जे से Wings कंपनी की Codeine Phosphate & Triprolidine Hydrochloride Syrup ONEREX की 13 शीशियां बरामद हुईं। प्रत्येक शीशी 100 एमएल की थी और कुल मात्रा 1300 एमएल थी, जिसकी कीमत करीब 2,619.50 रुपये बताई गई। आरोपी से कफ सिरप के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।मामले में पुलिस ने आरोपी आसिफ अंसारी उर्फ बबलू के खिलाफ धारा 21(C) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था।विवेचना के दौरान गिरफ्तार आरोपी के कथन और पुलिस को मिले साक्ष्यों के आधार पर नशीली कफ सिरप की सप्लाई करने वाले दामोदर प्रसाद की संलिप्तता सामने आई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी आसिफ मोबाइल फोन के माध्यम से दामोदर के संपर्क में था और उसी से नशीली कफ सिरप खरीदकर लाता था।विवेचना में दामोदर प्रसाद के खिलाफ पर्याप्त अपराध-साक्ष्य पाए जाने के बाद कुसमी पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार किया। इसके बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।




















