
दुर्ग: दुर्ग जिले में स्वाइन फ्लू यानी इन्फ्लुएंजा-ए (H1N1) संक्रमण के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। जिले में 5 सितंबर को स्वाइन फ्लू के 7 नए पॉजिटिव मरीज मिले हैं। सभी संक्रमित मरीज निजी अस्पतालों में भर्ती हैं, जहां उनका उपचार जारी है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक 5 अगस्त से 5 सितंबर 2026 तक जिले में स्वाइन फ्लू के कुल 33 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 16 मरीज फिलहाल एक्टिव हैं। एक्टिव मरीजों में 9 अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि 7 मरीज होम आइसोलेशन में रहकर इलाज करा रहे हैं।विभाग के अनुसार, फिलहाल सभी एक्टिव मरीजों की स्थिति सामान्य है। अस्पताल में भर्ती मरीजों का चिकित्सकीय उपचार जारी है। वहीं, होम आइसोलेशन में रह रहे संक्रमित मरीजों के स्वास्थ्य की भी नियमित निगरानी की जा रही है।नए मरीजों की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और संक्रमण नियंत्रण की गतिविधियां तेज कर दी हैं। संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। संपर्क में आने वाले लोगों के स्वास्थ्य पर भी लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि संक्रमण के संभावित प्रसार को समय रहते नियंत्रित किया जा सके।स्वास्थ्य विभाग का मुख्य फोकस संक्रमित मरीजों की जल्द पहचान, समय पर उपचार और संक्रमण की चेन को रोकने पर है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें मरीजों और उनके संपर्क में आए लोगों की स्थिति की नियमित जानकारी ले रही हैं।विभाग ने लोगों से अपील की है कि स्वाइन फ्लू के लक्षण दिखाई देने पर इसे नजरअंदाज न करें और समय पर चिकित्सकीय सलाह लें। स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने तथा संक्रमण से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।



















