
रायपुर। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन आज छत्तीसगढ़ के दौरे पर रायपुर पहुंचेंगे। उनके दौरे का मुख्य कार्यक्रम AIIMS रायपुर में आयोजित तीसरे दीक्षांत समारोह में शामिल होना है। उपराष्ट्रपति यहां बतौर मुख्य अतिथि छात्र-छात्राओं को डिग्री प्रदान करेंगे।उपराष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए रायपुर में सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। एयरपोर्ट से लेकर AIIMS तक उनके पूरे रूट पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है।
सुबह 9.55 बजे रायपुर पहुंचेंगे
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन सुबह 9.55 बजे रायपुर के स्वामी विवेकानंद अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट पर राज्यपाल रमेन डेका, कैबिनेट मंत्री और विधायक उनका स्वागत करेंगे।इसके बाद सुबह करीब 10 बजे वे एयरपोर्ट से सीधे AIIMS रायपुर के लिए रवाना होंगे।
AIIMS के दीक्षांत समारोह में रहेंगे मुख्य अतिथि
उपराष्ट्रपति सुबह 10.45 बजे से दोपहर 12.35 बजे तक AIIMS रायपुर में रहेंगे। इस दौरान वे संस्थान के तीसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।समारोह में उपराष्ट्रपति विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान करेंगे। कार्यक्रम को लेकर संस्थान और प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं।
मुख्य सचिव ने व्यवस्थाओं को लेकर दिए निर्देश
उपराष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए मुख्य सचिव ने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं। एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक आने-जाने के मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था और एंट्री-एग्जिट प्लान को लेकर विशेष तैयारी की गई है।सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार व्यवस्थाओं को संचालित करने पर भी जोर दिया गया है।
दोपहर में दिल्ली के लिए होंगे रवाना
AIIMS में कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोपहर 12.35 बजे उपराष्ट्रपति एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। करीब 1.15 बजे उनके स्वामी विवेकानंद अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचने का कार्यक्रम है।इसके बाद 1.15 से 1.25 बजे तक विदाई कार्यक्रम होगा। दोपहर 1.25 बजे उपराष्ट्रपति विशेष विमान से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार करीब 3.25 बजे उनके दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वे सड़क मार्ग से उपराष्ट्रपति भवन जाएंगे।इस तरह उपराष्ट्रपति का रायपुर दौरा कुछ घंटों का रहेगा, लेकिन सुरक्षा से लेकर यातायात और कार्यक्रम प्रबंधन तक प्रशासन की तैयारियां पूरे दिन सक्रिय रहेंगी।




















