
बिलासपुर। ट्रेनों में बिना टिकट या अनियमित तरीके से यात्रा करने वालों के खिलाफ दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने अगस्त में बड़े स्तर पर अभियान चलाया। बिलासपुर, रायपुर और नागपुर रेल मंडलों में हुई सघन जांच के दौरान हजारों यात्रियों को नियमों का उल्लंघन करते पकड़ा गया। कार्रवाई से रेलवे को करोड़ों रुपये का राजस्व भी प्राप्त हुआ।
60,822 यात्रियों पर हुई कार्रवाई
अगस्त महीने में चलाए गए विशेष टिकट जांच अभियान के दौरान कुल 60,822 यात्री बिना टिकट या अनियमित यात्रा करते मिले। रेलवे ने इन यात्रियों से जुर्माने के तौर पर कुल 4 करोड़ 19 लाख 31 हजार 888 रुपये की वसूली की।अभियान के तहत केवल ट्रेनों में ही नहीं, बल्कि प्रमुख रेलवे स्टेशनों और उनके परिसरों में भी लगातार जांच की गई। रेलवे अधिकारियों और जांच दलों ने अलग-अलग स्थानों पर यात्रियों के टिकट और यात्रा संबंधी नियमों की जांच की।
बिना टिकट ज्यादा सामान ले जाने वालों को भी रोका
रेलवे की कार्रवाई सिर्फ टिकट जांच तक सीमित नहीं रही। जिन यात्रियों के पास निर्धारित सीमा से अधिक सामान था और उन्होंने उसे नियमानुसार बुक नहीं कराया था, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की गई।यात्रियों को समझाया गया कि अतिरिक्त लगेज के साथ सफर करने से पहले उसे रेलवे के नियमों के मुताबिक बुक कराना जरूरी है। अभियान के दौरान यात्रियों को नियमों की जानकारी देकर आगे ऐसी गलती नहीं करने की हिदायत भी दी गई।
आगे भी जारी रहेगी टिकट जांच
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन में सफर करते समय हमेशा वैध और उचित टिकट अपने साथ रखें। निर्धारित सीमा से अधिक सामान होने पर उसकी बुकिंग भी जरूर कराएं।रेलवे प्रशासन के मुताबिक यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के साथ-साथ नियमों के पालन तथा रेलवे राजस्व की सुरक्षा के लिए टिकट जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। अधिकारियों ने यात्रियों से जांच कर्मचारियों का सहयोग करने की अपील की है।




















