
भिलाई: राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर इंदिरा गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, वैशालीनगर, भिलाई में म्यूजिकल फिजिकल एक्टिविटी एवं योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के शारीरिक शिक्षा एवं क्रीड़ा विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के साथ महाविद्यालय के स्टॉफ सदस्यों ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को खेल, योग और नियमित शारीरिक गतिविधियों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करना था।
यह कार्यक्रम राष्ट्रीय खेल दिवस 29 अगस्त और हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया। आयोजन को *खेलेगा भारत, जीतेगा भारत” थीम से जोड़ा गया। इस दौरान विद्यार्थियों को शारीरिक फिटनेस के साथ मानसिक स्वास्थ्य और तनाव प्रबंधन के महत्व की जानकारी दी गई।कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अलका मेश्राम के उद्बोधन से हुआ। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के जीवन में पढ़ाई के साथ खेल और व्यायाम का भी महत्वपूर्ण स्थान है। नियमित शारीरिक गतिविधियों से शरीर स्वस्थ रहने के साथ मानसिक प्रसन्नता और सकारात्मक सोच विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से खेल एवं व्यायाम को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में स्माइल फाउंडेशन एकेडमी के योग प्रशिक्षक पंकज यादव को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। उन्होंने छात्र-छात्राओं एवं स्टॉफ सदस्यों को म्यूजिकल फिजिकल एक्टिविटी और योग की विभिन्न गतिविधियों का अभ्यास कराया। संगीत के साथ कराई गई शारीरिक गतिविधियों में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। योगाभ्यास के माध्यम से प्रतिभागियों को शारीरिक और मानसिक संतुलन बनाए रखने के तरीके भी बताए गए।महाविद्यालय के क्रीड़ा विभाग की ओर से राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर अन्य खेल गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। इससे विद्यार्थियों में खेल भावना, टीमवर्क और नियमित शारीरिक गतिविधियों के प्रति रुचि बढ़ाने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. कैलाश शर्मा, डॉ. संजय कुमार दास, डॉ. नीता डेनियल, सुशीला शर्मा, डॉ. मेरिली राय, डॉ. रबिन्दर छाबड़ा, डॉ. आरती दीवान, डॉ. एम.एस. पटेल, डॉ. शिखा श्रीवास्तव, डॉ. अल्पा श्रीवास्तव, डॉ. चांदनी मरकाम, डॉ. अत्रिका कोमा, डॉ. अमृतेष शुक्ला, डॉ. रमा बैनर्जी, डॉ. नीता गुप्ता और डॉ. खेमराज चंद्राकर सहित महाविद्यालय के अन्य स्टॉफ सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संयोजन क्रीड़ा अधिकारी डॉ. यशवंत कुमार देशमुख ने किया। संचालन डॉ. मिनाक्षी भारद्वाज ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अल्पा श्रीवास्तव ने किया। आयोजन के अंत में महाविद्यालय परिवार ने खेल, योग और व्यायाम को जीवनशैली का हिस्सा बनाने तथा खेलेगा भारत, जीतेगा भारत” के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।



















