भोपाल। बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद छात्रों की परेशानियां लगातार सामने आ रही हैं। कई विद्यार्थियों ने रिजल्ट में गंभीर विसंगतियों की शिकायत की है। किसी को परीक्षा देने के बावजूद अनुपस्थित दर्ज किया गया, किसी के अंक शून्य कर दिए गए, जबकि कुछ छात्रों की मार्कशीट में ऐसे विषय भी दिखाई दे रहे हैं, जिनका उन्होंने चयन ही नहीं किया था।स्थिति यह है कि अपनी शिकायतों के समाधान के लिए बड़ी संख्या में छात्र विश्वविद्यालय के चक्कर लगा रहे हैं।

करीब 10 हजार शिकायतों का दावा

विश्वविद्यालय से जुडे सूत्रों के अनुसार अब तक लगभग 10 हजार शिकायतें मिलने की बात सामने आई है। करीब 30 प्रतिशत परिणामों में किसी न किसी प्रकार की गड़बड़ी होने का दावा भी किया जा रहा है।इन शिकायतों में अंक गलत दर्ज होने, उपस्थिति में त्रुटि, गलत विषय जुडने और परीक्षा परिणाम में वास्तविक प्रदर्शन के विपरीत स्थिति दिखने जैसे मामले शामिल हैं।

टॉपर छात्रा को मिला शून्य अंक

सिवनी की छात्रा सुहानी का मामला भी इसी तरह की शिकायतों में शामिल है। छात्रा के अनुसार वह पढ़ाई में लगातार अच्छा प्रदर्शन करती रही हैं और पहले भी टॉपर रह चुकी हैं। लेकिन इस बार एक विषय में उन्हें शून्य अंक देकर फेल कर दिया गया।शिकायत के बाद विश्वविद्यालय ने छात्रा की ओएमआर शीट की जांच कराई। जांच में सामने आया कि ओएमआर रिकॉर्ड के अनुसार छात्रा परीक्षा में पास थी, जबकि रिजल्ट तैयार करने वाली एजेंसी के रिकॉर्ड में उसे फेल दिखाया गया था।इस विसंगति ने रिजल्ट तैयार करने की पूरी प्रक्रिया पर सवाल खडे कर दिए हैं।

बिना चुने विषय में भी कर दिया फेल

भोपाल के बीकॉम छात्र तोहफान अहिरवार की मार्कशीट में 'टूर एंड ट्रेवल्स' विषय दर्ज कर दिया गया। छात्र का कहना है कि उन्होंने यह विषय लिया ही नहीं था। इसके बावजूद मार्कशीट में विषय शामिल करने के साथ उसमें शून्य अंक भी दर्ज कर दिए गए और उन्हें फेल कर दिया गया।तोहफान के मुताबिक वह अपनी समस्या लेकर तीन से चार बार विश्वविद्यालय जा चुके हैं। कॉलेज की ओर से उन्हें विश्वविद्यालय में शिकायत करने के लिए कहा गया, जबकि विश्वविद्यालय की तरफ से समस्या का जल्द समाधान करने का भरोसा दिया जा रहा है।

सिर्फ जीरो और गलत विषय की शिकायत नहीं

छात्रों की शिकायतें केवल शून्य अंक या गलत विषय तक सीमित नहीं हैं। कई विद्यार्थियों ने अपने वास्तविक अंकों को गलत तरीके से दर्ज किए जाने का आरोप लगाया है। कुछ छात्रों का कहना है कि इस तरह की छोटी-मोटी समस्याएं पहले भी सामने आती रही हैं, लेकिन इस बार शिकायतों की संख्या और दायरा काफी अधिक दिखाई दे रहा है।

इसका सीधा असर छात्रों पर पड़ रहा है, क्योंकि उन्हें अपनी समस्या ठीक कराने के लिए बार-बार कॉलेज और विश्वविद्यालय के बीच जाना पड रहा है।

विश्वविद्यालय ने बनाई चार सदस्यीय जांच कमेटी

बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के सहायक कुलसचिव सुनील नायक के अनुसार विश्वविद्यालय के पास कई तरह की शिकायतें पहुंची हैं। इनमें परीक्षा में मौजूद रहने के बावजूद अनुपस्थित दर्ज किए जाने और शून्य अंक मिलने जैसी शिकायतें भी शामिल हैं।विश्वविद्यालय ने रिजल्ट तैयार करने वाली एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है और उस पर पेनल्टी भी लगाई गई है। पूरे मामले की जांच के लिए चार सदस्यीय कमेटी गठित की गई है। इसमें दो वरिष्ठ प्रोफेसर, रजिस्ट्रार और आईटी सेल के अध्यक्ष शामिल हैं।कमेटी ओएमआर शीट, रिजल्ट शीट और एजेंसी के डेटा का मिलान कर रही है, ताकि वास्तविक रिकॉर्ड के आधार पर गलत परिणामों को सुधारा जा सके।

रिजल्ट एजेंसी को नोटिस, मांगा गया जवाब

परिणामों में सामने आई विसंगतियों को लेकर विश्वविद्यालय ने संबंधित एजेंसी को नोटिस भी जारी किया है। एजेंसी से गड़बड़ियों के संबंध में जवाब मांगा गया है और उसके खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढाई जा रही है।अब जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि किन स्तरों पर त्रुटियां हुईं और कितने छात्रों के परिणाम प्रभावित हुए हैं।

छात्र पूछ रहे हैं, गलती का बोझ हम क्यों उठाएं

बरकतउल्ला विश्वविद्यालय से संबद्ध कई कॉलेजों के विद्यार्थी फिलहाल अपनी मार्कशीट में सुधार के लिए परेशान हैं। कॉलेजों से उन्हें विश्वविद्यालय भेजा जा रहा है, जबकि विश्वविद्यालय जांच पूरी होने के बाद समाधान का भरोसा दे रहा है।सबसे बड़ा सवाल यही है कि यदि परिणाम तैयार करने वाली प्रक्रिया में खामी हुई है, तो उसका नुकसान छात्रों को क्यों उठाना पडे। परीक्षा परिणाम विद्यार्थियों की आगे की पढाई, नौकरी और करियर से सीधे जुडा होता है। ऐसे में एक गलत अंक, गलत विषय या गलत उपस्थिति भी उनके भविष्य पर गंभीर असर डाल सकती है।अब छात्रों की नजर जांच कमेटी की रिपोर्ट और विश्वविद्यालय की अगली कार्रवाई पर है। उम्मीद यही है कि रिकॉर्ड का सही मिलान कर प्रभावित विद्यार्थियों के परिणाम जल्द दुरुस्त किए जाएंगे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!