
मरीज की मौत के बाद परिजनों और अस्पताल स्टाफ में विवाद
इंदौर। सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में मंगलवार को एक मरीज की मौत के बाद स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई। ICU में भर्ती मरीज की मौत से नाराज परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ से विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि एक युवक ने अस्पताल में मारपीट शुरू कर दी।हंगामे के दौरान युवक ने ICU में लगे एक जीवन रक्षक उपकरण को निकालकर फेंक दिया। अचानक हुई इस घटना से ICU में मौजूद कर्मचारियों को अपनी सुरक्षा के लिए वहां से हटना पडा। घटना के बाद वार्ड में भर्ती दूसरे मरीजों और उनके परिजनों के बीच भी भय का माहौल बन गया।
स्थिति संभालने के लिए अस्पताल पहुंचा पुलिस बल
विवाद बढ़ने की सूचना के बाद अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस की मौजूदगी के बाद स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया और दूसरे मरीजों के इलाज के लिए अस्पताल के कर्मचारी दोबारा ड्यूटी पर पहुंचे।हंगामे के कारण मृत मरीज का शव भी काफी देर तक ICU में ही रखा रहा। पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई।
डॉक्टरों ने आरोपों को बताया निराधार
मरीज की मौत को लेकर डॉक्टरों ने इलाज में किसी तरह की लापरवाही से इनकार किया है। चिकित्सकों के अनुसार मरीज की हालत पहले से गंभीर थी और उसका उपचार लगातार मेडिकल निगरानी में किया जा रहा था।डॉक्टरों का कहना है कि मंगलवार दोपहर के बाद मरीज की तबीयत तेजी से बिगडने लगी। शाम के समय उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन अस्पताल में एकत्र हुए और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाने लगे।
विवाद के बाद दूसरे मरीजों की सुरक्षा भी बनी चिंता
मौत के बाद शुरू हुआ विवाद जब हिंसक स्थिति तक पहुंचा, तो ICU में भर्ती अन्य मरीजों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता पैदा हो गई। जीवन रक्षक उपकरण के साथ हुई घटना ने अस्पताल के संवेदनशील ICU क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खडे कर दिए हैं। पुलिस की तैनाती के बाद अस्पताल में व्यवस्था को दोबारा सामान्य करने की कोशिश की गई।




















