
सूरजपुर: कलेक्टर रेना जमील ने भैयाथान विकासखंड की ग्राम पंचायत तरका में नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र तरका-ब का निरीक्षण किया। जहां पद की औपचारिकता से परे उन्होंने बच्चों के बीच दर्री पर बैठकर आत्मीय संवाद किया और उन्हें अपने हाथों से चॉकलेट वितरित की। कलेक्टर का यह सहज अंदाज नन्हे बच्चों को खूब भाया और पूरा केंद्र उत्साह से भर उठा। कलेक्टर के आग्रह पर बच्चों ने हिंदी एवं अंग्रेजी वर्णमाला सुनाई। बिना किसी झिझक के आत्मविश्वास से भरी इस प्रस्तुति पर कलेक्टर सहित उपस्थित अधिकारियों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई, खेलकूद तथा केंद्र में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में भी बातचीत की और उनकी बातें बड़े धैर्य से सुनीं। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने एक बच्चे का वजन कराकर उसके पोषण स्तर की जानकारी ली तथा पोषण ट्रैकर एप का अवलोकन करते हुए बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़ी गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बच्चों को रोचक और सहज तरीके से सीखने के अवसर उपलब्ध कराए जाएं तथा पोषण संबंधी गतिविधियों का संचालन पूरी प्रभावशीलता के साथ किया जाए।
कलेक्टर से हुए संवाद के बाद बच्चे बेहद उत्साहित नजर आए और उन्होंने श्रीमती जमील से दोबारा आने का आग्रह भी किया। बच्चों की आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुति से प्रसन्न होकर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजेन्द्र सिंह पाटले ने उन्हें सामूहिक रूप से पुरस्कृत किया। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी शुभम बंसल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




















