
जयपुर : आयोजित मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के ग्रैंड फिनाले में केरल की कैजिया लिज मैजो ने विजेता का खिताब अपने नाम कर लिया। देशभर से आईं 52 प्रतिभागियों के बीच उन्होंने अपनी प्रस्तुति, आत्मविश्वास और जवाबों से निर्णायकों को प्रभावित किया।प्रतियोगिता के अंतिम दौर में कैजिया के साथ तमिलनाडु की वैष्णवी, गुजरात की अनुश्री सतवालेकर, महाराष्ट्र की तेजस्विनी श्रीवास्तव और उत्तराखंड की अनुभा वशिष्ठ ने टॉप 5 में जगह बनाई थी।
40 सेकंड के जवाब ने बदली बाजी
फिनाले के आखिरी चरण में पांचों फाइनलिस्ट के सामने 40 सेकंड का क्लोजिंग रिमार्क देने की चुनौती थी। इस दौरान प्रतिभागियों ने जीवन के प्रति अपने नजरिए, संघर्षों और भविष्य की सोच को सामने रखा।कैजिया लिज मैजो ने इसी राउंड में अपने प्रभावशाली जवाब से निर्णायकों का ध्यान खींचा। उनके आत्मविश्वास और विचारों ने उन्हें बाकी फाइनलिस्ट से आगे पहुंचाया और अंततः विजेता का ताज उनके नाम हुआ।मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 की विजेता मनिका विश्वकर्मा ने उन्हें विजेता का ताज पहनाया। खिताब हासिल करते समय कैजिया भावुक भी नजर आईं।
टॉप 5 में किसे मिला कौन सा स्थान
मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के परिणाम में कैजिया लिज मैजो विजेता रहीं। तमिलनाडु की वैष्णवी ने फर्स्ट रनरअप का स्थान हासिल किया।गुजरात की अनुश्री सतवालेकर सेकेंड रनरअप, महाराष्ट्र की तेजस्विनी श्रीवास्तव थर्ड रनरअप और उत्तराखंड की अनुभा वशिष्ठ फोर्थ रनरअप चुनी गईं।
अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी कैजिया
मिस यूनिवर्स इंडिया का खिताब जीतने के बाद कैजिया लिज मैजो अब अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। इस साल के अंत में प्यूर्टो रिको में प्रस्तावित 75वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में वह भारत की ओर से हिस्सा लेंगी।इस जीत के साथ केरल की कैजिया के सामने अब देश का प्रतिनिधित्व करने और वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बनाने की नई चुनौती होगी।
पूर्व मिस यूनिवर्स और फिल्म जगत की हस्तियों ने की जजिंग
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में ग्लैमर और फिल्म जगत से जुड़ी कई चर्चित हस्तियां शामिल थीं। पूर्व मिस यूनिवर्स सुष्मिता सेन के अलावा सेलिना जेटली और उर्वशी रौतेला ने भी प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया।फिल्म प्रोड्यूसर प्रज्ञा कपूर भी जज पैनल का हिस्सा रहीं। अनुभवी निर्णायकों की मौजूदगी में हुए फिनाले में प्रतिभागियों के आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और अंतिम दौर में दिए गए जवाबों ने नतीजे तय करने में अहम भूमिका निभाई।




















