
Mauganj News: मऊगंज जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रमनगरी में ठगी की एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को हैरान कर दिया है. काले रंग की बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार दो शातिर युवक खुद को पटवारी बताकर गांव पहुंचे और प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर एक महिला को ऐसा झांसा दिया कि कुछ ही मिनटों में उसके सोने-चांदी के गहने और 15 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए.
यह है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार ग्राम रमनगरी निवासी तेरसी साकेत, पति महावीर साकेत अपने घर पर मौजूद थीं. इसी दौरान दो युवक बुलेट मोटरसाइकिल से पहुंचे और खुद को राजस्व विभाग का कर्मचारी तथा पटवारी बताते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना का सर्वे करने की बात कही. सरकारी अधिकारी समझकर महिला ने उनका स्वागत किया. दोनों युवक पूरे आत्मविश्वास और सरकारी अंदाज में बातचीत करते रहे, जिससे महिला को उन पर भरोसा हो गया.
आवास निर्माण के नाम पर ऐंठे पैसे
इसके बाद ठगों ने अपना जाल बिछाना शुरू किया. उन्होंने महिला को बताया कि शासन द्वारा आवास निर्माण के लिए तीन लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत होने वाली है. लेकिन उससे पहले घर में रखे नकद पैसे, गहने और दस्तावेजों का सत्यापन तथा रिकॉर्ड तैयार करना आवश्यक है. सरकारी प्रक्रिया का हवाला देकर उन्होंने आधार कार्ड भी मांगा और महिला को विश्वास में ले लिया.
आवास मिलने की उम्मीद में महिला घर के अंदर गई और अपने सोने-चांदी के गहनों के साथ लगभग 15 हजार रुपये नकद लेकर बाहर आ गई. दोनों युवकों ने गहनों और पैसों को देखकर कागजों पर कुछ नोट करने का नाटक किया. फिर महिला से कहा कि वह सामान वापस अंदर सुरक्षित रख आए. महिला उनके झांसे में आकर घर के भीतर चली गई, जबकि दोनों ठग आसपास की गतिविधियों पर नजर बनाए रहे.
जब महिला वापस लौटी तो ठगों ने अगला दांव चला. उन्होंने पानी पीने की इच्छा जताई. जैसे ही महिला पानी लेने घर के अंदर गई, दोनों शातिर ठग मौके का फायदा उठाकर वहां रखे गहने और नकदी समेटकर बुलेट मोटरसाइकिल से फरार हो गए। कुछ मिनट बाद जब महिला पानी लेकर बाहर आई तो दोनों कथित पटवारी गायब थे. तलाश करने पर जब उनका कहीं पता नहीं चला, तब उसे एहसास हुआ कि वह ठगी का शिकार हो चुकी है.




















