छत्तीसगढ़ :  शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार के दो अहम अवसर सामने आए हैं। सुकमा जिले में शासकीय हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों के लिए 12 अतिथि शिक्षकों की स्थानीय स्तर पर भर्ती की जा रही है। वहीं सक्ती में 25 अगस्त को रोजगार मेले का आयोजन होगा, जहां निजी कंपनियां अलग-अलग पदों के लिए युवाओं का चयन करेंगी।

सुकमा में 12 अतिथि शिक्षकों के पद खाली

सुकमा जिले के सरकारी हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों में विषयवार शिक्षकों की कमी को पूरा करने के लिए स्थानीय शिक्षित युवाओं से आवेदन मंगाए गए हैं। गणित, रसायन शास्त्र, जीव विज्ञान, इतिहास, राजनीति शास्त्र, अर्थशास्त्र और भूगोल विषयों के व्याख्याता पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।इच्छुक और पात्र अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रारूप में आवेदन भरकर स्वयं संबंधित शासकीय हाई या हायर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य के पास जमा करना होगा।

25 अगस्त शाम 5 बजे तक जमा कर सकेंगे आवेदन

अतिथि शिक्षक भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 20 अगस्त 2026 से शुरू हो चुकी है। आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 25 अगस्त 2026 को शाम 5 बजे तय की गई है। इसके बाद जमा होने वाले आवेदनों को स्वीकार नहीं किया जाएगा।इस भर्ती से जहां स्थानीय युवाओं को काम का अवसर मिलेगा, वहीं स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर होने और विद्यार्थियों की पढ़ाई में सुधार की उम्मीद है। भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी सुकमा जिले की आधिकारिक वेबसाइट और जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।

सक्ती में 25 अगस्त को लगेगा रोजगार मेला

इधर, जिला रोजगार कार्यालय की ओर से 25 अगस्त 2026 को शासकीय आईटीआई सक्ती में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा।इस दौरान तीन निजी कंपनियां विभिन्न पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। मेले में शामिल होने वाले युवाओं को अपने शैक्षणिक दस्तावेज और रोजगार पंजीयन कार्ड साथ लेकर पहुंचना होगा।

सेल्स के 60 पदों पर भर्ती का अवसर

पुष्कल एग्रो टेक प्राइवेट लिमिटेड, रायपुर की ओर से सेल्स ऑफिसर के 30 और सेल्स रिप्रेजेंटेटिव के 30 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए बीएससी या 12वीं पास अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।चयनित उम्मीदवारों को 12 हजार से 20 हजार रुपये तक वेतन के साथ अन्य भत्ते दिए जाएंगे। कार्यक्षेत्र डभरा, सक्ती और धरमजयगढ़ रहेगा।

फाइनेंस कंपनी में भी कई पद खाली

श्रीराम फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड, जांजगीर की ओर से ट्रैक्टर फाइनेंसर, पर्सनल लोन ऑफिसर, कलेक्शन ऑफिसर और इंश्योरेंस ऑफिसर के 10-10 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास रखी गई है।चयनित उम्मीदवारों को 10 हजार से 12 हजार रुपये वेतन के अलावा अन्य भत्ते भी मिलेंगे। इन पदों का कार्यक्षेत्र बरमकेला, जैजैपुर, सारंगढ़, चंद्रपुर, डभरा और सक्ती रहेगा।

LIC में बीमा क्षेत्र से जुड़ने का मौका

भारतीय जीवन बीमा निगम, नैला की ओर से ग्रामीण बीमा सलाहकार और बीमा सखी के 10-10 पदों के लिए भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए भी 12वीं पास अभ्यर्थी पात्र होंगे और चयनित उम्मीदवारों को 7 हजार रुपये का स्टाइपेंड दिया जाएगा।इन पदों का कार्यक्षेत्र सक्ती और जांजगीर रहेगा। रोजगार मेले से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला रोजगार कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!