
रायपुर: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने बुधवार 19 अगस्त को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है। आने वाले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी तरह बने रहने का अनुमान है।
राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई इलाकों में पिछले कुछ दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है। बीते 24 घंटों के दौरान उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के अधिकांश क्षेत्रों में वर्षा दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार झारखंड और उससे लगे पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्से में बने डिप्रेशन सिस्टम का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर पड़ रहा है।
मौसम विभाग के मुताबिक यह डिप्रेशन पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है और अगले 24 घंटे के दौरान झारखंड व बिहार की ओर बढ़ते हुए कमजोर पड़ सकता है। इसके कमजोर होकर सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र में बदलने की संभावना है। वहीं मानसून द्रोणिका के सक्रिय रहने और पूर्वी उत्तर प्रदेश के आसपास ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण बनने से भी प्रदेश में बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं।
रायपुर में बुधवार को आसमान में बादल छाए रहने के साथ दिन में कुछ स्थानों पर बारिश या गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
प्रदेश में बुधवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। विशेषकर गरज-चमक के समय खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।



















