नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कांग्रेस कार्यालय में आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम का एक वीडियो सामने आने के बाद वंदे मातरम् को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। वीडियो में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे बातचीत करते नजर आ रहे हैं। उसी समय कार्यक्रम में वंदे मातरम् का गायन चल रहा था।वीडियो सामने आने के बाद भाजपा और उसके सहयोगी दलों ने कांग्रेस पर निशाना साधना शुरू कर दिया। भाजपा नेताओं ने इस घटनाक्रम को राष्ट्रीय गीत के सम्मान से जोडते हुए सोनिया गांधी और कांग्रेस नेतृत्व से सवाल किए हैं।

एच. डी. कुमारस्वामी ने सोनिया गांधी पर किया तीखा हमला

केंद्रीय मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी ने इस विवाद को लेकर सोनिया गांधी पर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि जनता पूरे घटनाक्रम को देख रही है और किसी भी तरह के तर्क के जरिए इस मामले से बचने की कोशिश नहीं की जा सकती।कुमारस्वामी ने सोनिया गांधी के विदेशी मूल का उल्लेख करते हुए भी विवादित टिप्पणी की। उन्होंने सवाल उठाया कि देश में लंबे समय से रह रही किसी नेता से राष्ट्र और राष्ट्रीय भावनाओं को लेकर किस तरह की अपेक्षा की जानी चाहिए।केंद्रीय मंत्री ने उनके व्यवहार को चर्चा का विषय बताते हुए कांग्रेस पर राजनीतिक हमला तेज कर दिया।

रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस के रवैये पर उठाए सवाल

भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने भी प्रेसवार्ता के जरिए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय गीत और स्वतंत्रता आंदोलन से जुडी कांग्रेस की भूमिका को लेकर अलग-अलग मौकों पर अलग रुख दिखाई देता है।उन्होंने स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में वंदे मातरम् के दौरान सामने आए वीडियो का उल्लेख किया। साथ ही गोवा में कांग्रेस के एक कार्यक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि वहां वंदे मातरम् के दो पद गाए गए थे।रविशंकर प्रसाद ने इन दोनों घटनाओं का हवाला देकर कांग्रेस के रवैये पर सवाल खडे किए।

अमित शाह ने भी कांग्रेस पर लगाया गंभीर आरोप

वंदे मातरम् विवाद में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी कांग्रेस को घेरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम् के गायन को बीच में रोकने के लिए सोनिया गांधी ने पार्टी अध्यक्ष से कहा था।अमित शाह ने इस कथित घटनाक्रम को देश की जनता के साथ गलत बताते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय भावना से जुडे ऐसे मामले को जनता गंभीरता से लेती है और इसे आसानी से नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

वीडियो से शुरू हुआ विवाद अब भाजपा बनाम कांग्रेस की राजनीतिक बहस बना

एक कार्यक्रम के दौरान सामने आए वीडियो ने अब व्यापक राजनीतिक बहस का रूप ले लिया है। भाजपा नेता इसे राष्ट्रवाद और राष्ट्रीय गीत के सम्मान से जोड रहे हैं, जबकि इस पूरे घटनाक्रम को लेकर कांग्रेस की ओर से आने वाली आधिकारिक प्रतिक्रिया पर भी नजर बनी हुई है।फिलहाल भाजपा और उसके सहयोगी दल इस मुद्दे पर कांग्रेस नेतृत्व को लगातार घेर रहे हैं। ऐसे में वंदे मातरम् को लेकर शुरू हुआ विवाद आने वाले दिनों में संसद और राजनीतिक मंचों पर भी चर्चा का विषय बन सकता है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!