बलरामपुर/ राजपुर: स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर विकासखंड राजपुर में स्वतंत्रता दिवस समारोह एवं विकासखंड स्तरीय शिक्षा गौरव अलंकरण समारोह का आयोजन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोपालपुर में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन जनपद पंचायत राजपुर के उपाध्यक्ष आकाश अग्रवाल की विशेष पहल एवं सहयोग से किया गया।

स्वतंत्रता दिवस समारोह की शुरुआत प्रातः विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय राजपुर में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुई। राष्ट्रगान के पश्चात स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों एवं राष्ट्रनायकों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों के त्याग और बलिदान को स्मरण किया।

जनपद उपाध्यक्ष आकाश अग्रवाल ने कहा कि देश की आजादी के लिए शहीदों द्वारा दिए गए त्याग और बलिदान को याद रखना हम सभी का राष्ट्रीय दायित्व है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का अवसर भी है।इसके पश्चात अधिकारी-कर्मचारी एवं आमंत्रित अतिथि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोपालपुर पहुंचे, जहां विकासखंड स्तरीय शिक्षा गौरव अलंकरण समारोह आयोजित किया गया।

उत्कृष्ट विद्यालयों और प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

समारोह में शैक्षणिक सत्र 2025-26 में शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम देने वाले विद्यालयों एवं प्रयास आवासीय विद्यालय में विद्यार्थियों का चयन कराने वाली शालाओं को उत्कृष्ट कार्य के लिए शाल, श्रीफल एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान संबंधित विद्यालयों के प्राचार्यों एवं शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
विकासखंड स्तर पर प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले उनके पालकों को भी शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।

शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिताओं में विकासखंड, जिला, संभाग एवं राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। उनके पालकों को सम्मानित किए जाने से समारोह में विशेष उत्साह और गौरव का वातावरण देखने को मिला।

आकाश अग्रवाल ने कहा कि क्षेत्र के विद्यार्थियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल उनकी प्रतिभा को पहचानने, उचित मंच उपलब्ध कराने और समय-समय पर प्रोत्साहित करने की है। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान केवल पुरस्कार देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के भीतर आत्मविश्वास जगाने और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देने का माध्यम है।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे शिक्षा एवं खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने वाली अनुकरणीय पहल बताया। अतिथियों ने सम्मानित विद्यार्थियों, विद्यालयों एवं उनके पालकों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

समारोह में भाजपा प्रदेश मंत्री शिवनाथ यादव, विधायक प्रतिनिधि शिवनाथ जायसवाल, अनिल दुबे, जनपद सदस्य सुमित्रा सांडिल्य, सरपंच मीना बाई, उप सरपंच सोनिया कुजूर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।इसके अलावा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत राजपुर, विकासखंड राजपुर के समस्त प्राचार्य, संकुल समन्वयक, शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, पालक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।कार्यक्रम को सफल बनाने में विकासखंड शिक्षा कार्यालय राजपुर के अधिकारियों-कर्मचारियों, समस्त प्राचार्यों, संकुल समन्वयकों, शिक्षकों एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोपालपुर के स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, पालकों एवं विद्यार्थियों की सहभागिता से समारोह गरिमामय, सुव्यवस्थित एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अंत में आयोजक आकाश अग्रवाल एवं विकासखंड शिक्षा कार्यालय राजपुर की ओर से आयोजन में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!