
अंबिकापुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर घोषित ड्राई डे के दौरान अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने के लिए संभागीय आबकारी उड़नदस्ता एवं जिला आबकारी सरगुजा की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 27.2 लीटर विदेशी मदिरा व्हिस्की एवं माल्ट बरामद की गई, जिसे जब्त कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, संभागीय आबकारी उड़नदस्ता एवं जिला आबकारी सरगुजा की टीम स्वतंत्रता दिवस पर अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बाबूपारा निवासी आनंद सोनी अपने इलेक्ट्रॉनिक ऑटो से घूम-घूमकर शराब की बिक्री कर रहा है तथा अपने किराए के मकान में भी बड़ी मात्रा में शराब संग्रहित कर रखी है।
सूचना के आधार पर सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में आबकारी टीम ने बाबूपारा स्थित आरोपी के किराए के मकान में दबिश दी। टीम के पहुंचने पर आनंद सोनी अपने ऑटो से कहीं जाने की तैयारी कर रहा था, जिसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके ऑटो में रखे पिट्ठू बैग से 7 नग 8 पीएम व्हिस्की बरामद की गई।
इसके बाद आरोपी के किराए के मकान की तलाशी लेने पर फ्रिज से 12 नग सिंबा बियर एवं 6 नग गॉड फादर बियर तथा कमरे से 13 नग 8 पीएम व्हिस्की और 16 नग सिंबा केन बियर बरामद की गई। कुल मिलाकर 27.2 लीटर विदेशी मदिरा व्हिस्की एवं माल्ट जब्त की गई। शराब संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर आबकारी विभाग ने पूरी सामग्री को अपने कब्जे में ले लिया।
कार्रवाई के दौरान शराब परिवहन में प्रयुक्त इलेक्ट्रॉनिक ऑटो तथा बियर रखने के लिए उपयोग किए जा रहे फ्रिज को भी जब्त किया गया। आरोपी आनंद सोनी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1), 34(2) एवं 59(क) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। बाद में आरोपी को न्यायिक रिमांड हेतु न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई जिला आबकारी अधिकारी इन्द्रबली सिंह मार्कण्डेय एवं एल. के. गायकवाड़ के निर्देशन तथा सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के मार्गदर्शन में आबकारी उप निरीक्षक सौरभ साहू द्वारा संपादित की गई। कार्रवाई में आबकारी उप निरीक्षक टी.आर. केहरी, आकाश साहू, राहुल भगत, अनिल गुप्ता, प्रिया गुप्ता एवं सरिता साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




















