बीजापुर: बीजापुर-तेलंगाना सीमा से लगे ताड़पाला क्षेत्र में सोमवार को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों की अहम बैठक और निरीक्षण हुआ। तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक सी.वी. आनंद, आईपीएस ने ताड़पाला स्थित एफओबी (फॉरवर्ड ऑपरेटिंग बेस) का दौरा कर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, मौजूदा परिस्थितियों और नक्सल विरोधी अभियानों की समीक्षा की।

दौरे के दौरान सीआरपीएफ साउथ जोन के एडीजी रवदीप सिंह साही तेलंगाना पुलिस एवं सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुलुगु कलेक्टर भोर्काड़े हेमंत सहदेवराव  एसपी सुधीर रामनाथ केकर और डीएफओ विकास मीणा* भी अधिकारियों के साथ मौजूद रहे।

कमांडेंट ने दी एफओबी की जानकारी

ताड़पाला एफओबी पहुंचने पर 196वीं वाहिनी के कमांडेंट कुमार मनीष ने डीजीपी सी.वी. आनंद समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों का स्वागत किया। उन्होंने एफओबी की स्थापना, निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था और क्षेत्र की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही सुरक्षा बलों की गतिविधियों और नक्सल विरोधी अभियानों की प्रगति से भी अधिकारियों को अवगत कराया।दौरे के दौरान डीजीपी ने बीजापुर-तेलंगाना सीमा क्षेत्र में ध्वजारोहण किया। इसके बाद एफओबी परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।कैंप परिसर का निरीक्षण करने के बाद डीजीपी सी.वी. आनंद ने तैनात अधिकारियों और जवानों से संवाद किया। उन्होंने क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सुरक्षा बलों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

उन्होंने नक्सल विरोधी अभियानों में जवानों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की प्रशंसा करते हुए शहीद जवानों के बलिदान को नमन किया। डीजीपी ने कहा कि बीजापुर और तेलंगाना सीमा से लगे क्षेत्रों में नक्सलवाद के प्रभाव को समाप्त करने तथा स्थायी शांति और विकास स्थापित करने के लिए दोनों राज्यों के सुरक्षा बलों के बीच बेहतर समन्वय और आपसी सहयोग बेहद जरूरी है।

अंतरराज्यीय समन्वय और सुरक्षा रणनीति पर मंथन

दौरे के दौरान सीआरपीएफ साउथ जोन के एडीजी रवदीप सिंह साही सहित तेलंगाना पुलिस और सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों ने क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति, अंतरराज्यीय समन्वय और नक्सल विरोधी अभियानों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। अधिकारियों ने सीमा क्षेत्र में सुरक्षा को और मजबूत करने तथा आपसी समन्वय के साथ अभियान चलाने की रणनीति पर भी मंथन किया।

इस अवसर पर 196वीं वाहिनी के द्वितीय कमान अधिकारी दिनेश, सहायक कमांडेंट विनोद कुमारसहित अन्य अधिकारी और जवान उपस्थित रहे। दौरे के अंत में कमांडेंट कुमार मनीष ने तेलंगाना के डीजीपी सी.वी. आनंद को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!