

सूरजपुर: शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सूरजपुर में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के नए कैडेट्स के चयन हेतु भर्ती प्रक्रिया का सफल आयोजन किया गया। भर्ती अभियान का आयोजन 01 सीजी एनसीसी बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल सैन्थिल कुमार एस एवं एडमिन अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल अमित यादव के निर्देशन तथा 01 सीजी बटालियन, कोरबा के तकनीकी मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
भर्ती अभियान में विद्यालय के 82 विद्यार्थियों ने उत्साह एवं राष्ट्रसेवा की भावना के साथ भाग लिया। चयन प्रक्रिया के सफल संचालन में विद्यालय के प्राचार्य सुनील कुजूर तथा भारतीय सेना के जेसीओ महेन्द्र शर्मा का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन रहा। वहीं विद्यालय के एनसीसी अधिकारी फर्स्ट ऑफिसर सुनील दत्त तिवारी एवं स्काउट-गाइड अधिकारी ओम प्रकाश राजवाड़े के सहयोग से संपूर्ण प्रक्रिया पारदर्शी एवं अनुशासित ढंग से संपन्न हुई।भर्ती प्रक्रिया भारतीय सेना के निर्धारित मानकों के अनुरूप विभिन्न चरणों में आयोजित की गई। प्रारंभिक चरण में प्रतिभागियों की ऊंचाई एवं अन्य शारीरिक मापदंडों का परीक्षण किया गया, जिसका संचालन विक्की विश्वकर्मा एवं कुलदीप सिंह ने किया। इसके पश्चात अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता की जांच के लिए 200 मीटर दौड़, 100 मीटर दौड़, पुश-अप, सिट-अप सहित अन्य परीक्षण आयोजित किए गए। साथ ही अभ्यर्थियों की बौद्धिक क्षमता के मूल्यांकन के लिए लिखित परीक्षा भी आयोजित की गई।
सभी निर्धारित मापदंडों एवं परीक्षणों में सफल प्रदर्शन करने वाले 51 विद्यार्थियों का दो वर्षीय एनसीसी प्रशिक्षण पाठ्यक्रम के लिए चयन किया गया। विद्यालय परिवार ने चयनित कैडेट्स को शुभकामनाएं देते हुए अपेक्षा व्यक्त की कि वे एनसीसी के माध्यम से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रभक्ति एवं सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करेंगे तथा विद्यालय एवं जिले का नाम गौरवान्वित करेंगे।











