

रायपुर। रायपुर जिले के गोबरा नवापारा क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। दुलना-पटेवा मार्ग स्थित तालाब में 30 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने मृतक की पहचान किसानपारा निवासी विमल यादव के रूप में की है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मृतक के परिजनों का कहना है कि विमल यादव की मौत सामान्य नहीं है। उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है, ताकि मौत के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।
पति की मौत की खबर से टूट गई पत्नी
विमल यादव की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। इसी दौरान उनकी पत्नी गहरे सदमे में आ गई। बताया जा रहा है कि उसने कथित तौर पर धारदार हथियार से पहले अपनी तीन वर्षीय बेटी और फिर खुद पर हमला कर आत्महत्या का प्रयास किया।
घटना में मां और बेटी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों का उपचार जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी संभावित पहलुओं से जांच की जा रही है। परिजनों और परिचितों सहित अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान मिलने वाले साक्ष्यों के आधार पर ही युवक की मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।











