सूरजपुर: सूरजपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नमदगीरी में मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है, वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम नमदगीरी निवासी 35 वर्षीय विनय देवांगन मंगलवार को अपने खेत में काम करने गए थे। इसी दौरान अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि इसी बीच खेत में आकाशीय बिजली गिरने से विनय देवांगन उसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे। युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। युवक की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटना से संबंधित आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

बारिश और गरज-चमक के दौरान आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। खराब मौसम के समय खुले खेतों, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचने तथा सुरक्षित स्थान पर शरण लेने की सलाह दी गई है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!