पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों को प्राथमिकता, संगठन विस्तार को लेकर बनी रणनीति

अंबिकापुर:  छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार कल्याण संघ के नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अविनाश ठाकुर के प्रथम सरगुजा आगमन पर रविवार को अंबिकापुर स्थित रेस्ट हाउस में पत्रकारों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेशभर में संगठन को मजबूत करने, पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, पत्रकार हितों की रक्षा तथा जिला और विकासखंड स्तर तक संगठन के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान पत्रकारों ने प्रदेश अध्यक्ष का पुष्पगुच्छ और माल्यार्पण कर गर्मजोशी से स्वागत किया।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष अविनाश ठाकुर मुख्य अतिथि तथा प्रदेश सलाहकार बी. निजामी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश उपाध्यक्ष अखिलेश जायसवाल ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत और परिचय के साथ हुआ। इसके बाद संगठन की वर्तमान गतिविधियों, आगामी योजनाओं और पत्रकार कल्याण से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।

प्रदेश अध्यक्ष अविनाश ठाकुर ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि संगठन को प्रदेश के प्रत्येक जिले और विकासखंड तक सक्रिय एवं मजबूत किया जाएगा, ताकि हर पत्रकार को संगठन का सहयोग और संरक्षण मिल सके।

प्रदेश सलाहकार बी. निजामी ने कहा कि संगठन केवल औपचारिक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी पहल की जाएगी। उन्होंने पत्रकारों से संगठनात्मक एकता को मजबूत करने तथा निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी पत्रकारिता को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

प्रदेश उपाध्यक्ष अखिलेश जायसवाल ने कहा कि पत्रकारों की एकता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। संगठन पत्रकारों के हितों की रक्षा, उनके सम्मान और व्यावसायिक चुनौतियों के समाधान के लिए निरंतर कार्य करेगा। साथ ही नए सदस्यों को जोड़ने और संगठन के विस्तार के लिए व्यापक सदस्यता अभियान चलाया जाएगा।

बैठक में उपस्थित पत्रकारों ने नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष और पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा और प्रदेश के पत्रकारों के हितों की प्रभावी ढंग से रक्षा होगी। इस दौरान पत्रकारों के सामाजिक दायित्व, निष्पक्ष पत्रकारिता, संगठनात्मक एकता और पत्रकारों के अधिकारों को लेकर भी विचार रखे गए।

बैठक में आगामी कार्यक्रमों, सदस्यता अभियान तथा जिला और संभाग स्तर पर संगठन के विस्तार की रूपरेखा पर चर्चा की गई। संगठन को प्रदेशभर में सशक्त और सक्रिय बनाने के लिए लगातार बैठकों के आयोजन का निर्णय भी लिया गया।

इस अवसर पर संभाग अध्यक्ष राजेश राज गुप्ता, संभाग महासचिव खगेंद्र यादव, कोरिया जिला अध्यक्ष कमरून निशा, सरगुजा जिला अध्यक्ष राजेश प्रसाद गुप्ता, जिला महासचिव आमोद तिवारी, सोनहत ब्लॉक अध्यक्ष उद्देश्य कुमार साहू, वरिष्ठ पत्रकार मुन्ना पांडे, इमरान अंसारी, लक्ष्मी साहू, जानिसार अख्तर, सितेश सिरदार, सुदामा राजवाड़े,अभिषेक सोनी, सूरज जायसवाल, इबरार अंसारी और महफूज हैदर सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

बैठक का समापन संगठन को अधिक सशक्त और प्रभावी बनाने तथा पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित पत्रकारों ने संगठन की मजबूती और पत्रकार हितों के संरक्षण के लिए एकजुट होकर निरंतर कार्य करने का विश्वास व्यक्त किया।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!