छत्तीसगढ़ :  मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। बीते 24 घंटों के दौरान रायपुर और बिलासपुर संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि प्रदेश के कई अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा हुई। मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बने गहरे अवदाब के असर से अगले दो दिनों तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में अच्छी बारिश होने के आसार हैं। कुछ स्थानों पर भारी वर्षा भी हो सकती है।

अब तक सामान्य से कम हुई बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस मानसून सीजन में अब तक छत्तीसगढ़ में सामान्य से लगभग 21 प्रतिशत कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है। हालांकि, मौजूदा मौसम प्रणाली के सक्रिय रहने से आने वाले दिनों में बारिश की कमी काफी हद तक पूरी होने की उम्मीद जताई जा रही है।

बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम का असर

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, मानसून ट्रफ बीकानेर, दतिया, रीवा, डाल्टनगंज और जमशेदपुर से होते हुए उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इसी क्षेत्र में बने गहरे अवदाब का प्रभाव छत्तीसगढ़ पर भी साफ दिखाई दे रहा है। इसके चलते अगले 48 घंटे तक प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां तेज बनी रह सकती हैं।

अंबिकापुर सबसे गर्म, पेंड्रा रोड सबसे ठंडा

सोमवार को प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 23.0 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया।

नवागढ़ में सबसे ज्यादा बरसे बादल

पिछले 24 घंटे के दौरान नवागढ़ में सबसे अधिक 8 सेमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा भटगांव, पिथौरा और भिलाईगढ़ में 7 सेमी, सरायपाली में 6 सेमी तथा अर्जुन्दा, सोनाखान, सेवरीनारायण, गिरौदपुरी, सरसींवा, बसना और राजनांदगांव में 5 सेमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। लाल बहादुर नगर, चांपा, जांजगीर, पामगढ़ और नगरी में 4 सेमी, जबकि धमतरी, कुकरेल, पलारी, बिहनीडीह और घरघोड़ा में 3 सेमी बारिश हुई।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम

राजधानी रायपुर में मंगलवार को दिनभर बादलों का डेरा रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

इन जिलों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने रायगढ़, जशपुर, सुरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

इसके अलावा सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, रायगढ़, जशपुर, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने, 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बारिश की चेतावनी दी गई है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!