

गांदरबल। मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में मंगलवार को अमरनाथ यात्रियों से भरी एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। गुंड इलाके के हरिगनीवान स्थित एस-मोड़ के पास बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से फिसल गई और गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में करीब 30 तीर्थयात्री घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, बस में लगभग 40 अमरनाथ श्रद्धालु सवार थे। बस का पंजीयन नंबर AR11 D5655 बताया गया है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ की टीम और स्थानीय स्वयंसेवक मौके पर पहुंचे तथा तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
लबचाव दल ने खाई में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और घायलों को उपचार के लिए नजदीकी कंगन अस्पताल पहुंचाया। अधिकारियों के अनुसार, हादसे में घायल दो यात्रियों के सिर में चोट आई है, हालांकि उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। अन्य घायल श्रद्धालुओं की स्थिति भी सामान्य और स्थिर है।
प्रशासन ने दुर्घटना के बाद राहत कार्य तेज करते हुए यात्रियों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई। वहीं, पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए बस के अनियंत्रित होने और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस जांच के बाद ही दुर्घटना की वजह सामने आने की संभावना है।










