अंबिकापुर: होली क्रॉस वीमेंस कॉलेज में सोमवार से छह दिवसीय नवप्रवेशी छात्राओं के अभिमुखीकरण (ओरिएंटेशन) कार्यक्रम का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर नवप्रवेशी छात्राओं, प्राचार्य एवं प्राध्यापकों का तिलक लगाकर तथा पुष्प पंखुड़ियों से भव्य स्वागत किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत में अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. कल्पना गुहा ने स्वागत उद्बोधन देते हुए छात्राओं का अभिनंदन किया। उन्होंने मन, वचन और कर्म की शुद्धता पर बल देते हुए छात्राओं को जीवन में अनुशासन, नैतिकता और सकारात्मक सोच अपनाने के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर छात्राओं ने प्रार्थना गीत एवं धर्मग्रंथ के प्रेरणादायक पाठ के माध्यम से ईश्वर का स्मरण किया। वहीं तृतीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर की छात्राओं ने नवागंतुक छात्राओं के स्वागत में भावपूर्ण स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को सांस्कृतिक रंग प्रदान किया।

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ  शांता जोसेफ ने अपने आशीर्वचन में छात्राओं को लक्ष्य प्राप्ति के लिए सदाचार, नवाचार और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने प्रेरणादायक कहानी के माध्यम से छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए नए शैक्षणिक सत्र के लिए शुभकामनाएं दीं और पूरे महाविद्यालय परिवार की ओर से सभी का स्वागत किया।उद्घाटन सत्र का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। छह दिवसीय अभिमुखीकरण कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी छात्राओं को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन, विभिन्न गतिविधियों तथा व्यक्तित्व विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की जाएंगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!