

छत्तीसगढ : मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और आने वाले दिनों में बारिश का दौर थमने वाला नहीं है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले पांच दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। कई जिलों में सामान्य वर्षा के साथ कुछ इलाकों में तेज बारिश, गरज चमक और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।
पांच दिन तक लगातार बरसेंगे बादल
भारत मौसम विज्ञान विभाग के रायपुर केंद्र के अनुसार 27 और 28 जुलाई को प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग ने गरज चमक और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की है।29 और 30 जुलाई को भी बारिश का प्रभाव बना रहेगा। कई क्षेत्रों में अच्छी वर्षा होने के आसार हैं, जबकि कुछ जिलों में भारी बारिश लोगों की परेशानी बढा सकती है।31 जुलाई और 1 अगस्त को भी मौसम का यही मिजाज बने रहने का अनुमान है। प्रदेश के अनेक हिस्सों में बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
बंगाल की खाडी से मिल रही लगातार नमी
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर पश्चिम बंगाल की खाडी और उससे लगे उत्तरी ओडिशा तथा पश्चिम बंगाल तट के ऊपर सक्रिय मौसम तंत्र लगातार नमी खींचकर छत्तीसगढ की ओर भेज रहा है। इसी वजह से पूरे प्रदेश में मानसून मजबूत बना हुआ है और अगले कई दिनों तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।
लोगों के लिए मौसम विभाग की सलाह
लगातार बारिश और वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की गई है। नदी नालों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने और मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर बनाए रखने की भी सलाह दी गई है।










