

सूरजपुर: प्रेमनगर थाना क्षेत्र में मोबाइल दुकान में सेंधमारी कर लाखों रुपये के मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक सामान और नगदी चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने एक विधि से संघर्षरत बालक सहित चार लोगों को पकड़ा है तथा चोरी के 2 लाख 10 हजार कीमत के मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, ग्राम सलका निवासी कृष्ण कुमार साहू ने 18 जुलाई 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 17-18 जुलाई की रात अज्ञात चोरों ने उनकी मोनू मोबाइल दुकान की पीछे की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया और 16 मोबाइल फोन, 2 सीसीटीवी कैमरे, एक एलईडी टीवी तथा 2 हजार नकद चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की कुल कीमत 2.86 लाख से अधिक आंकी गई थी। मामले में थाना प्रेमनगर में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान पता चला कि पुलिस की सक्रियता से घबराकर आरोपियों ने चोरी के 9 मोबाइल कबीर चबूतरा के पास छोड़ दिए जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया।लगातार दबिश के बाद पुलिस ने मुनेश्वर सिंह उईके (21), दिलीप कुमार उर्फ मंगलू (20), एक विधि से संघर्षरत बालक तथा बाद में मुल्ले प्रताप सिंह (19) को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि पुलिस के डर से कुछ मोबाइल छोड़ दिए थे, जबकि 4 मोबाइल, सीसीटीवी कैमरे और एलईडी टीवी नदी में फेंक दिए।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 2.10 लाख कीमत के मोबाइल फोन बरामद किए। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जबकि विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विराट बिशी, एएसआई गुड्डू कुशवाहा सहित प्रेमनगर थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











