जशपुर:  डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बगीचा थाना का वार्षिक निरीक्षण कर पुलिसिंग व्यवस्था, अभिलेखों के संधारण, मालखाना, शासकीय संपत्ति और थाना परिसर की व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान रिकॉर्ड और शासकीय संपत्ति के रखरखाव में अव्यवस्था एवं कमियां मिलने पर थाना प्रभारी और मोहर्रिर को कड़ी फटकार लगाते हुए सभी रिकॉर्ड तत्काल व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान ग्राम अपराध पुस्तिका, जरायम रजिस्टर, जप्ती माल, लंबित अपराधों और शिकायतों की समीक्षा की गई। डीआईजी-एसएसपी ने लंबित प्रकरणों का शीघ्र एवं नियमानुसार निराकरण करने, विवेचना में अनावश्यक देरी नहीं होने देने और सभी अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए।उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, कार्यालयीन व्यवस्था और मालखाने का भी निरीक्षण किया। जप्त सामग्री और शासकीय संपत्ति के रखरखाव को संतोषजनक नहीं पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए व्यवस्था में तत्काल सुधार करने को कहा।डॉ. लाल उमेद सिंह ने थाना क्षेत्र में गुंडा-बदमाशों की नियमित निगरानी, प्रभावी गश्त, मजबूत बीट पुलिसिंग और संदिग्ध गतिविधियों पर सतत नजर रखने के निर्देश दिए। साथ ही महिला एवं बाल अपराधों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने पुलिस कर्मियों को फरियादियों और आम नागरिकों के साथ विनम्र एवं संवेदनशील व्यवहार करने, जन चौपाल में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने तथा पुलिस मितानों के साथ समन्वय बढ़ाकर जनविश्वास मजबूत करने के निर्देश दिए।साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए आम लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचाव के प्रति जागरूक करने और तकनीक का बेहतर उपयोग कर अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाने पर भी बल दिया गया।

निरीक्षण के अंत में डीआईजी-एसएसपी ने कहा कि थाना स्तर पर अनुशासन, जवाबदेही, पारदर्शिता और संवेदनशीलता बनाए रखते हुए आम नागरिकों को बेहतर एवं त्वरित पुलिस सेवा उपलब्ध कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान पुलिस कार्यालय जशपुर के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!