नारायणपुर:नारायणपुर साइबर पुलिस ने विशेष अभियान "निक मोबाइल इयाना" के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 11 लाख 17 हजार रुपये से अधिक मूल्य के 59 गुम मोबाइल बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंप दिए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने नारायणपुर पुलिस का आभार जताया और अभियान की सराहना की।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल के निर्देशन में साइबर सेल ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से प्राप्त गुम मोबाइल संबंधी आवेदनों पर तकनीकी विश्लेषण और सतत प्रयासों के जरिए मोबाइल खोज निकाले। शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में सभी मोबाइल उनके मालिकों को विधिवत सौंपे गए।यह अभियान सामुदायिक पुलिसिंग के तहत चलाया गया, जिसकी निगरानी साइबर सेल के नोडल अधिकारी एवं उप पुलिस अधीक्षक आशीष नेताम ने की। अभियान में साइबर सेल के अधिकारियों, कर्मचारियों और साइबर वॉलंटियर्स की अहम भूमिका रही।इस दौरान पुलिस ने नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति भी जागरूक किया। लोगों से अपील की गई कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं तथा किसी भी ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर कॉल कर राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें।

नारायणपुर पुलिस ने आमजन से संदिग्ध कॉल, लिंक और संदेशों से सतर्क रहने तथा किसी भी साइबर धोखाधड़ी की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!