बिलासपुर। शिक्षा विभाग के औचक निरीक्षण में सरकारी स्कूलों की लापरवाही उजागर हो गई। संयुक्त संचालक (जेडी) शिक्षा संभाग बिलासपुर ए.के. भारद्वाज ने तखतपुर विकासखंड के कई विद्यालयों और बीईओ कार्यालय का निरीक्षण किया, जहां बड़ी संख्या में शिक्षक और कर्मचारी बिना सूचना के अनुपस्थित मिले। मामले को गंभीर मानते हुए उन्होंने कारण बताओ नोटिस जारी करने और अनुपस्थित अवधि का वेतन काटने के निर्देश दिए हैं।

इन स्कूलों का किया गया निरीक्षण

संयुक्त संचालक ने शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय अमसेना, शासकीय हाई स्कूल कुरेली, शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लाखासार तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय तखतपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन, विद्यालय परिसर की साफ-सफाई और शिक्षकों की नियमित उपस्थिति का जायजा लिया गया।

कई शिक्षक और कर्मचारी मिले नदारद

शासकीय हाई स्कूल कुरेली और शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लाखासार में कई शिक्षक एवं कर्मचारी बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए। इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने और नियमानुसार वेतन कटौती के निर्देश दिए गए।विद्यालयों में शैक्षणिक और प्रशासनिक निगरानी में कमी मिलने पर संस्था प्रमुखों को भी कड़ी फटकार लगाई गई और व्यवस्था में तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए गए।

अमसेना स्कूल में दिए सुधार के निर्देश

शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय अमसेना में विद्यालय परिसर की साफ-सफाई बेहतर करने के निर्देश दिए गए। हालांकि यहां मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।

बीईओ कार्यालय में भी मिली खामियां

संयुक्त संचालक ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय तखतपुर का भी निरीक्षण किया। इस दौरान सेवा पुस्तिकाओं का संधारण, लंबित पेंशन प्रकरण, मध्यान्ह भोजन योजना, बायोमेट्रिक उपस्थिति और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण की समीक्षा की गई।कार्यालय में आवश्यक अभिलेखों और प्रशासनिक कार्यों में कमियां मिलने पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

पाठ्यपुस्तक, गणवेश और साइकिल वितरण जल्द पूरा करने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान सभी संस्था प्रमुखों को नियमित शैक्षणिक गतिविधियां संचालित करने, समय पर पाठ्यक्रम पूरा कराने और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने के निर्देश दिए गए।साथ ही जिन विद्यालयों में पाठ्यपुस्तकों और गणवेश का वितरण शेष है, उसे जल्द पूरा करने तथा शासकीय हाई स्कूल कुरेली में विद्यार्थियों को साइकिल वितरण तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

लापरवाही पर नहीं होगी कोई रियायत

संयुक्त संचालक ए.के. भारद्वाज ने स्पष्ट कहा कि विद्यालयों में अनुशासन, नियमित उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण का उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!