

कोरिया: कोरिया जिले के नव पदस्थ पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर ने शुक्रवार को थाना सोनहत का प्रथम आकस्मिक भ्रमण एवं निरीक्षण किया। अपने दौरे के दौरान उन्होंने चर्चित नौगई हत्याकांड के घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की प्रगति की जानकारी ली और विवेचना से जुड़े अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
इस निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर, मालखाना, शस्त्रागार, हवालात, सीसीटीएनएस कक्ष, अभिलेखों एवं अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। साथ ही थाना क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, अपराध की प्रवृत्ति और कानून-व्यवस्था की स्थिति की भी जानकारी प्राप्त की।एसपी राठौर ने थाना परिसर की स्वच्छता बनाए रखने, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण तथा लंबित अपराध, शिकायत, मर्ग और गुम इंसान प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गंभीर अपराधों की गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध विवेचना पर विशेष जोर दिया। इसके अलावा थाना क्षेत्र में निवासरत किराएदारों का सत्यापन अभियान पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से झगड़ेलू ग्राम कटगोड़ी का नियमित भ्रमण करने तथा स्थानीय सरपंच से सतत संपर्क में रहकर क्षेत्र की गतिविधियों की जानकारी प्राप्त करने के लिए कहा।
पुलिस अधीक्षक ने थाना स्टाफ की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए फरियादियों के साथ संवेदनशील, शालीन और सम्मानजनक व्यवहार करने पर बल दिया। साथ ही प्रत्येक शिकायत का त्वरित एवं निष्पक्ष निराकरण सुनिश्चित करने तथा महिला, बालक और वरिष्ठ नागरिकों से जुड़े मामलों में विशेष प्राथमिकता और संवेदनशीलता बरतने के निर्देश दिए।एसपी राठौर ने अपराध नियंत्रण, ग्राम भ्रमण, रात्रि गश्त, स्थायी वारंटों की तामिली, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तथा नशे के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई को प्राथमिकता देने की बात कही। इसके साथ ही गुंडा एवं बदमाश तत्वों पर सतत निगरानी रखने और यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश भी दिए।
भ्रमण के अंत में उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुशासन, पारदर्शिता, जवाबदेही और टीम भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया, ताकि आमजन में सुरक्षा, विश्वास और कानून के प्रति सम्मान का वातावरण मजबूत हो सके। इस दौरान उप पुलिस अधीक्षक श्याम मधुकर, थाना प्रभारी, विवेचकगण एवं थाना स्टाफ के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।











