अम्बिकेश गुप्ता

कुसमी: जिले में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को जनपद पंचायत कुसमी के सभागार में बलरामपुर - रामानुजगंज कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी की अध्यक्षता में स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के प्राचार्य, माध्यमिक शालाओं के प्रधान पाठक तथा शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने विद्यालयों में शिक्षकों एवं कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति पर विशेष जोर देते हुए विद्या समीक्षा केंद्र (व्हीएसके) एप के माध्यम से ऑनलाइन उपस्थिति शत-प्रतिशत दर्ज कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षक समय पर विद्यालय पहुंचें और निर्धारित समय तक अध्यापन कार्य सुनिश्चित करें।बैठक में विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने, लगातार अनुपस्थित रहने वाले बच्चों का घर-घर संपर्क कर विद्यालय से जोड़ने, ड्रॉपआउट विद्यार्थियों की पहचान कर उनका पुनः नामांकन कराने तथा शाला प्रवेश उत्सव के माध्यम से नए प्रवेश बढ़ाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए।शैक्षणिक गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए उन्होंने नियमित कक्षाओं का संचालन, समय-सीमा में पाठ्यक्रम पूर्ण करने तथा विद्यार्थियों के साप्ताहिक एवं मासिक मूल्यांकन को गंभीरता से लागू करने पर बल दिया। साथ ही छात्र-छात्राओं के लंबित जाति प्रमाण पत्रों का शीघ्र निराकरण कराने के निर्देश भी दिए।बैठक में विद्यालयों में स्वच्छ पेयजल, साफ-सुथरे एवं क्रियाशील शौचालय, परिसर की स्वच्छता तथा छुट्टी के समय विद्यार्थियों की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं की कमी नहीं रहनी चाहिए।

पीएम पोषण (मध्याह्न भोजन) योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्धारित मेन्यू के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने, सभी विद्यालयों में 'न्योता भोजन' कार्यक्रम को बढ़ावा देने तथा किचन गार्डन विकसित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों एवं गणवेश का शत-प्रतिशत वितरण समय पर सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी मनीराम यादव, जिला मिशन समन्वयक चंद्र भूषण प्रसाद गुप्ता, विकासखंड शिक्षा अधिकारी कुसमी मनोज गुप्ता सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी - कर्मचारी मौजूद रहे।

बैठक के अंत में कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने स्पष्ट कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विद्यार्थियों की सुरक्षा और विद्यालयों में अनुशासन शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी प्राचार्यों एवं प्रधान पाठकों से जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने का आह्वान किया।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!