

बलरामपुर। बलरामपुर के पुलिस लाईन मैदान में पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर (भा.पु.से.) के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के मार्गदर्शन में गुरुवार को पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिस बल की कार्यकुशलता बढ़ाना, आधुनिक तकनीकों से परिचित कराना तथा आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी एवं सुरक्षित ढंग से कार्य करने की क्षमता का विकास करना था।
ड्रोन का प्रषिक्षण ‘‘सिल्वर विंग्स डिफेन्स एजेंसी’’ के स्टेट रिप्रेजेन्टेटिव राजवीर सिंह ओर उनकी टीम द्वारा दिया गया जिसमें प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ड्रोन संचालन एवं उसके व्यावहारिक उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन, प्राकृतिक आपदाओं एवं सर्च ऑपरेशन में ड्रोन के प्रभावी उपयोग के संबंध में प्रशिक्षित किया गया तथा ड्रोन का व्यावहारिक प्रदर्शन भी कराया गया।इसके साथ ही स्नेक बाईट (सर्प दंश से बचाव एवं सुरक्षित रेस्क्यू) विषय पर जिला अस्पताल से डॉ शांति नंदन मिंज और डॉ सौरभ द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान विषैले एवं गैर-विषैले सर्पों की पहचान, सुरक्षित रेस्क्यू की प्रक्रिया, सर्पदंश की स्थिति में प्राथमिक उपचार तथा आमजन की सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।

कार्यक्रम में अग्नि सुरक्षा एवं अग्निशमन विषय पर भी प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षकों ने आग लगने की स्थिति में त्वरित एवं सुरक्षित प्रतिक्रिया, अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग, बचाव एवं दुर्घटनाओं की रोकथाम के उपायों की जानकारी दी। प्रतिभागियों को अग्निशमन उपकरणों के उपयोग का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया। पुलिस अधीक्षक महोदय ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम पुलिस बल की दक्षता एवं आपदा प्रबंधन क्षमता को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। भविष्य में भी समय-समय पर ऐसे प्रशिक्षण आयोजित किए जाएंगे, ताकि पुलिस कर्मी आधुनिक तकनीकों एवं आपातकालीन परिस्थितियों का प्रभावी ढंग से सामना कर सकें।प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं वन विभाग की टीम तथा नगर सेना की टीम ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए प्रशिक्षण का लाभ प्राप्त किया।*
उक्त कार्यक्रम मे उप पुलिस अधीक्षक प्रमोद किसपोट्टा, मो याक़ूब मेमन, रेंजर निखिल सक्सेना, रक्षित निरीक्षक विमलेश कुमार देवांगन के अतिरिक्त विभिन्न थाना चौकी प्रभारीगण और उनके साथ स्टाफ मौजूद रहे।











