बलरामपुर। बलरामपुर जिले के रघुनाथनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी बलंगी पुलिस ने लाखों रुपये के जुए के चर्चित मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा।

जानकारी के अनुसार, 18 मई 2026 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि बलंगी क्षेत्र के ग्राम कर्री के जंगल में दूसरे राज्यों तथा रघुनाथनगर क्षेत्र से आए कई लोग लाखों रुपये का दांव लगाकर ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर बलरामपुर मुख्यालय और चौकी बलगी पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों आशीष पांडे निवासी कसारी तथा गुलाबचंद जायसवाल निवासी रमेशपुर, थाना रघुनाथनगर को अपराध क्रमांक 56/2026 में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112(2) के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया था।

हालांकि, मुख्य कार्रवाई के दौरान सुनील कुमार यादव अपने अन्य साथियों के साथ मौके से फरार हो गया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। विवेचना एवं फरार आरोपियों की पतासाजी के दौरान गुरुवार 16 जुलाई को पुलिस ने सुनील कुमार यादव निवासी ग्राम गोबरदाहा, चौकी बलगी, थाना रघुनाथनगर, को गिरफ्तार किया गया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय वाड्रफनगर में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर उसे रामानुजगंज जेल भेजा गया।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!