

Fake Bride Photo Fake Relation: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में शादी के नाम पर साइबर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। आरोप है कि गिरोह फर्जी मैट्रिमोनियल वेबसाइट बनाकर शादी के इच्छुक लोगों को अपने जाल में फंसाता था। नकली प्रोफाइल और इंटरनेट से डाउनलोड की गई तस्वीरों के जरिए भरोसा जीतने के बाद उनसे रजिस्ट्रेशन और अन्य शुल्क के नाम पर रकम वसूल ली जाती थी।
फर्जी रिश्तों का झांसा, फिर नंबर कर देते थे ब्लॉक
पुलिस के अनुसार, आरोपी खुद को भरोसेमंद मैट्रिमोनियल सर्विस का प्रतिनिधि बताकर लोगों से ऑनलाइन संपर्क करते थे। रजिस्ट्रेशन के बाद उन्हें आकर्षक प्रोफाइल दिखाई जाती थीं, लेकिन जैसे ही पीड़ित पैसे जमा करता, उसका नंबर ब्लॉक कर दिया जाता। इस तरह कई लोगों को कथित तौर पर ठगी का शिकार बनाया गया।
छापे में सामने आया पूरा नेटवर्क
सहारनपुर के अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) व्योम बिंदल ने बताया कि लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर जांच की गई। इसके बाद सदर थाना पुलिस और साइबर क्राइम टीम ने 13 जुलाई को कोर्ट रोड स्थित गिल कॉलोनी में छापा मारा। कार्रवाई के दौरान कई महिलाएं कंप्यूटर, लैपटॉप और मोबाइल फोन के जरिए ग्राहकों से बातचीत करती मिलीं। वे खुद को मैट्रिमोनियल एजेंसी की कर्मचारी बताकर शादी के रिश्ते उपलब्ध कराने का दावा कर रही थीं।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, डिजिटल जांच शुरू
पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जो छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले का निवासी बताया जा रहा है। पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। अब जांच एजेंसियां बैंक खातों, डिजिटल ट्रांजैक्शन, वेबसाइट के तकनीकी रिकॉर्ड और जब्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फोरेंसिक जांच करा रही हैं।
कई राज्यों तक फैला हो सकता है नेटवर्क
पुलिस का मानना है कि यह गिरोह केवल एक शहर तक सीमित नहीं था और संभव है कि कई राज्यों के लोगों को निशाना बनाया गया हो। जांच के आधार पर पूरे नेटवर्क की पहचान की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।











