छत्तीसगढ़ : विधानसभा के मानसून सत्र के चौथे दिन सदन में कई जनहित और प्रशासनिक मुद्दों पर तीखी चर्चा होने की संभावना है। प्रश्नकाल के दौरान किसानों को खाद की उपलब्धता, उर्वरकों की कीमत, उद्योगों की स्थापना में कथित अनियमितताओं, ग्रामसभा प्रस्तावों में जालसाजी, शिक्षा, पर्यटन और मत्स्य पालन सहित कई विषयों पर सरकार से जवाब मांगा जाएगा। आज मंत्री रामविचार नेताम, ओपी चौधरी और राजेश अग्रवाल सदस्यों के सवालों का जवाब देंगे।

मत्स्य पालन के पट्टा आबंटन पर उठेंगे सवाल

विधायक कुंवर सिंह निषाद मत्स्य पालन के लिए पट्टा आबंटन की प्रक्रिया, पात्र समितियों, वर्तमान नीति और जांजगीर-चांपा जिले में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाएंगे। साथ ही शिकायतों पर विभाग द्वारा की गई कार्रवाई की जानकारी भी मांगी जाएगी।

कामधेनु विश्वविद्यालय में खरीदी पर मांगा जाएगा जवाब

विधायक ललित चंद्राकर दाऊ वासुदेव चंद्राकर कामधेनु विश्वविद्यालय, अंजोरा में उपकरणों की खरीदी, टेंडर प्रक्रिया, तकनीकी विशेषज्ञों की भूमिका, उपकरणों के डेमो और भुगतान से जुड़े मामलों पर सरकार से विस्तृत जानकारी मांगेंगे। साथ ही मिल्क पाश्चराइजर मशीन की वर्तमान स्थिति और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई का भी मुद्दा उठाएंगे।

किसानों के लिए खाद की उपलब्धता और वितरण पर चर्चा

विधायक दलेश्वर साहू सहकारी और निजी क्षेत्रों में उर्वरकों की आपूर्ति, केंद्र सरकार की कंपनियों से प्राप्त खाद की मात्रा, जिलावार वितरण और निजी थोक विक्रेताओं को किए गए आवंटन का पूरा ब्यौरा सदन में मांगेंगे।

ग्रामसभा प्रस्तावों में कथित जालसाजी का मामला भी गूंजेगा

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तिल्दा क्षेत्र के ग्राम अलदा और देवरी-घुलघुल में उद्योग स्थापना से जुड़े ग्रामसभा प्रस्तावों में कथित जालसाजी का मुद्दा उठाएंगे। वे जांच रिपोर्ट, कार्रवाई की स्थिति, एफआईआर दर्ज नहीं होने के कारण और कथित फर्जी प्रस्तावों के आधार पर जारी स्वीकृतियों को लेकर सरकार से जवाब मांगेंगे।

नवा रायपुर के सेवाग्राम परियोजना पर होगी चर्चा

विधायक अजय चंद्राकर सेवाग्राम परियोजना की शुरुआत, उद्देश्य, बजट, अब तक हुए खर्च, निर्माण कार्य की प्रगति, देरी के कारणों और परियोजना के संचालन के लिए स्वीकृत पदों की जानकारी सदन में मांगेंगे।

स्वामी आत्मानंद स्कूलों के कर्मचारियों का मुद्दा

विधायक आशा राम नेताम स्वामी आत्मानंद विद्यालयों में प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत कर्मचारियों के वेतन भुगतान, बैंक ऋण में आ रही दिक्कतों और ई-कोष के माध्यम से वेतन भुगतान की संभावनाओं पर सरकार से जवाब मांगेंगे।

मां चंद्रहासिनी देवी मंदिर को लेकर भी उठेगा सवाल

विधायक रामकुमार यादव चंद्रपुर क्षेत्र स्थित मां चंद्रहासिनी देवी मंदिर को पर्यटन या धार्मिक पर्यटन स्थल का दर्जा दिए जाने, विकास कार्यों पर खर्च और भविष्य की योजनाओं को लेकर सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग करेंगे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!