

जशपुर: जिला अस्पताल परिसर से चोरी हुई स्कूटी के मामले का जशपुर पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई हीरो मैस्ट्रो स्कूटी क्रमांक CG-10 U 5513 भी बरामद कर ली है। आरोपी के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली जशपुर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार जिला अस्पताल जशपुर में मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट के पद पर कार्यरत अनिमा लकड़ा ने 9 जुलाई 2026 को थाना सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 9:15 बजे अपनी स्कूटी को जिला अस्पताल स्थित सिटी स्कैन यूनिट के सामने पार्किंग में खड़ी कर ड्यूटी पर चली गई थीं। दोपहर करीब 2:15 बजे लौटने पर उनकी स्कूटी वहां से गायब मिली।शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 218/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम लगातार संदिग्ध व्यक्तियों और चोरी गए वाहन की तलाश में जुटी रही। इसी बीच 13 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि मिलन चौक के पास एक संदिग्ध व्यक्ति चोरी की स्कूटी के साथ घूम रहा है।सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने अपना नाम जगेश्वर विश्वकर्मा (35 वर्ष) निवासी ग्राम तमया, थाना सन्ना, जिला जशपुर बताया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने जिला अस्पताल परिसर से स्कूटी चोरी करना स्वीकार कर लिया।आरोपी ने पुलिस को बताया कि अस्पताल परिसर में खड़ी स्कूटी में चाबी लगी हुई थी, जिसे देखकर उसने वाहन चोरी करने की योजना बनाई। चोरी के बाद वह स्कूटी को अपने गांव ले गया और पहचान छिपाने के लिए वाहन के आगे और पीछे लिखे नंबर भी मिटा दिए। बाद में जब वह उसी स्कूटी के साथ जशपुर आया तो पुलिस ने उसे पकड़ लिया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई स्कूटी बरामद कर जब्त कर ली है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, सहायक उप निरीक्षक मनोज सिंह, प्रधान आरक्षक अनंत मिराज किस्पोट्टा तथा आरक्षक शोभनाथ सिंह और विनोद तिर्की की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











