

जशपुर: सरगुजा रेंज में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन आघात" के तहत जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में 552.16 किलोग्राम गांजा और तीन कारें जब्त करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा और वाहनों की कुल कीमत करीब 1 करोड़ 20 लाख 82 हजार 400 रुपये आंकी गई है।
पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा के नेतृत्व में संभाग के सभी जिलों में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत विभिन्न जिलों और थानों के बीच सूचनाओं के आदान-प्रदान से यह बड़ी कार्रवाई संभव हो सकी।पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से भारी मात्रा में गांजा लेकर वाहन अंबिकापुर की ओर जा रहे हैं। इसके बाद जशपुर पुलिस ने कुनकुरी और बगीचा क्षेत्र में नाकेबंदी कर कार्रवाई शुरू की।
कुनकुरी में इनोवा से मिला 311 किलो गांजा
थाना कुनकुरी क्षेत्र में पुलिस ने संदिग्ध इनोवा कार (OD-17J-0205) का पीछा किया। पुलिस को देखकर चालक वाहन छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गया। तलाशी लेने पर वाहन से 311.35 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 46.70 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने गांजा और करीब 15 लाख रुपये कीमत की इनोवा कार जब्त कर ली है।
बगीचा में ब्रेजा और आर्टिगा से 240 किलो गांजा बरामद
दूसरी कार्रवाई थाना बगीचा क्षेत्र में की गई, जहां पुलिस ने ब्रेजा (OD-02BH-9811) और आर्टिगा (OD-16N-9229) को पकड़ा। ब्रेजा चालक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया, जबकि आर्टिगा में सवार दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी गांजा तस्करों के लिए रेकी का काम कर रहे थे।पुलिस ने दोनों वाहनों से 240.810 किलोग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी कीमत करीब 36.12 लाख रुपये आंकी गई है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सचिन्द्र राउत (29 वर्ष) और मोहम्मद समीर (26 वर्ष) निवासी सुंदरगढ़ (ओडिशा) के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं, फरार वाहन चालकों की तलाश के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।पुलिस के अनुसार, जनवरी 2026 से अब तक जिले में कार्रवाई के दौरान 1269.071 किलोग्राम गांजा, 1840 नग कफ सिरप, ब्राउन शुगर, नशीले इंजेक्शन और गांजा के पौधे जब्त किए गए हैं। इस दौरान 33 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है तथा तस्करी में इस्तेमाल 14 वाहनों को भी जब्त किया गया है।











