अम्बिकापुर: सरगुजा जिले के अम्बिकापुर स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से मंगलवार को 13 अपचारी बालकों के फरार होने की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, गांधीनगर थाना क्षेत्र स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में रखे गए बालकों ने पुराने दरवाजे को क्षतिग्रस्त कर परिसर से बाहर निकलने में सफलता हासिल की। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि फरार हुए बालक विभिन्न आपराधिक मामलों में निरुद्ध थे। सूचना मिलते ही गांधीनगर पुलिस, जिला प्रशासन और बाल संप्रेक्षण गृह प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची और बालकों की तलाश के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया। आसपास के क्षेत्रों में पुलिस टीमों को सक्रिय कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब अम्बिकापुर के बाल संप्रेक्षण गृह से बालक फरार हुए हों। इससे पहले फरवरी माह में भी यहां से 13 बालक फरार हो गए थे। वहीं, 23 जून को भी 13 अपचारी बालकों के खिड़की तोड़कर भागने की घटना सामने आई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

इधर, प्रदेश में बाल संप्रेक्षण गृहों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पहले से ही चिंता बनी हुई है। हाल ही में बिलासपुर स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में हुई एक गंभीर घटना के बाद सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की जा रही थी। ऐसे में अम्बिकापुर की यह घटना प्रशासन के लिए नई चुनौती बनकर सामने आई है।

जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने की बात कही गई है। फरार बालकों की तलाश जारी है और पुलिस ने जल्द उन्हें तलाश कर वापस लाने का दावा किया है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!