मध्य प्रदेश : जबलपुर में शादी से पहले एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवती ने आरोप लगाया है कि उसके सिरफिरे आशिक ने निकाह तय होने से नाराज होकर न सिर्फ होने वाले दूल्हे पर अपने साथियों के साथ जानलेवा हमला कराया, बल्कि उसके घर पहुंचकर भी हंगामा किया। युवती का दावा है कि हमले के बाद से उसका मंगेतर दो दिनों से लापता है और उसे किसी अनहोनी की आशंका सता रही है।

निकाह तय होते ही शुरू हुई प्रताड़ना, जबरन संबंध बनाने का आरोप

मामला जबलपुर के गोरा बाजार थाना क्षेत्र का है। पीड़िता महक रंगरेज के मुताबिक, उसकी पहले से इलाके में रहने वाले आदित्य बेन से जान-पहचान थी। जब उसका निकाह रहीम खान से तय हुआ तो आदित्य ने उसे लगातार परेशान करना शुरू कर दिया। युवती का आरोप है कि आरोपी उस पर जबरन संबंध बनाने का दबाव बना रहा था। विरोध करने पर उसने बदला लेने की नीयत से रहीम खान को निशाना बनाया।

करीब 15 लोगों के साथ किया हमला, जान बचाकर भागा युवक

महक के अनुसार, 12 जुलाई को आदित्य अपने करीब 15 साथियों के साथ पहुंचा और रहीम खान पर हमला कर दिया। मारपीट में रहीम गंभीर रूप से घायल हो गया। किसी तरह वह वहां से जान बचाकर निकल गया, लेकिन इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका। परिवार का कहना है कि दो दिनों से उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है, जिससे चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।

पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप

पीड़िता और उसके परिजनों का कहना है कि घटना के बाद वे तीन बार गोरा बाजार थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। कार्रवाई नहीं होने से परेशान होकर आखिरकार उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई।

एसपी कार्यालय पहुंचा मामला, जांच का भरोसा

मामले पर डीएसपी आकांक्षा उपाध्याय ने कहा कि शिकायत के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही थाने में शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने के आरोपों की भी अलग से जांच कराई जाएगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!