नई दिल्ली: उमस भरी गर्मी के बाद एक बार फिर लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने देश के अधिकांश हिस्सों में एक बार फिर बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने बिहार और ओडिशा में आज मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है। अरुणाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और मेघालय में भी आज तेज वर्षा हो सकती है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, आंध्र प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, बिहार, पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र, झारखंड, सिक्किम, कर्नाटक और ओडिशा में तूफान की आशंका है।

असम के कई जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने आज और सोमवार को राज्य के कई जिलों में तेज बारिश का अनुमान व्यक्त किया है।असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार छह जिले शिवसागर, लखीमपुर, दरांग, सोनितपुर, धेमाजी और जोरहाट बाढ़ से प्रभावित हैं। गुवाहाटी और शिवसागर के कई इलाकों में जलभराव और बाढ़ के कारण वाहनों का आवागमन बाधित हो गया है।

वहीं दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए इस सप्ताह मौसम राहत भरा रहने की उम्मीद है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 14 जुलाई से 19 जुलाई तक पूरे सप्ताह आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इस दौरान कहीं भी किसी तरह की मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है। यानी फिलहाल भारी बारिश, लू, आंधी या अन्य किसी गंभीर मौसमीय गतिविधि की संभावना नहीं जता ई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, पूरे सप्ताह दिन का अधिकतम तापमान लगभग 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। बादलों की लगातार आवाजाही के कारण तेज धूप का असर कुछ कम हो सकता है। इसके साथ ही हल्की बारिश और बीच-बीच में चलने वाली तेज हवाएं लोगों को उमस और बढ़ती गर्मी से राहत दे सकती हैं।

14 जुलाई को अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम का पूर्वानुमान आंशिक रूप से बादल छाए रहने का है और किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है। 15 जुलाई को भी मौसम लगभग समान रहेगा। अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इस दिन भी आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे।
16 जुलाई को अधिकतम तापमान 38 डिग्री तथा न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने इस दिन भी पार्टली क्लाउडी स्काई यानी आंशिक रूप से बादल छाए रहने की बात कही है। 17 जुलाई को अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। 18 जुलाई को अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहेगा। बादलों की आवाजाही जारी रहेगी और मौसम सामान्य बना रहेगा। 19 जुलाई को भी मौसम में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

इस पूरे सप्ताह एनसीआर में मौसम सामान्य रहने की संभावना है। हालांकि दिन का तापमान 38 डिग्री के आसपास बना रहेगा, लेकिन बादलों की आवाजाही, हल्की बारिश और तेज हवाओं के कारण लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने फिलहाल किसी भी प्रकार की गंभीर मौसमीय स्थिति की आशंका नहीं जताई है, जिससे आम जनजीवन सामान्य रहने की संभावना है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!