सूरजपुर: जिले की शासकीय शालाओं में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लंबित आधार बायोमेट्रिक अपडेशन (एमबीयू) को मिशन मोड में पूर्ण करने के लिए कलेक्टर कार्यालय के ई-गवर्नेंस एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग (डीईजीएस) द्वारा जिले की समस्त शालाओं में संकुलवार आधार बायोमेट्रिक अपडेशन शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी एवं समस्त विकासखण्ड शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक दिशानिर्देश जारी किए गए हैं।
इन शिविरों के माध्यम से विद्यार्थियों का बायोमेट्रिक डाटा यूआईडीएआई में अपडेट किया जाएगा तथा इसकी प्रविष्टि यू-डाइस पोर्टल पर की जाएगी। इस अभियान के अंतर्गत संलग्न सूची के अनुसार जिले के सूरजपुर,भैयाथान, ओड़गी, प्रतापपुर, प्रेमनगर एवं रामानुजनगर विकासखण्डों की 22 शालाओं को चिन्हांकित किया गया है, जहाँ आधार आपरेटरों की तैनाती कर छात्र-छात्राओं का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट किया जाएगा।

चिन्हांकित शालाओं में 3 हजार से अधिक विद्यार्थियों का बायोमेट्रिक अपडेशन लंबित है, जिनमें 5 से 15 वर्ष तथा 15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के विद्यार्थी शामिल हैं। शाला प्राचार्य/प्रधानपाठकों को निर्देशित किया गया है कि वे यू-डाइस पोर्टल की शालावार सूची के अनुसार छात्र-छात्राओं की आधार कार्ड की छायाप्रति के साथ शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करें तथा शिविर की जानकारी प्राप्त होते ही, सभी पालकों एवं विद्यार्थियों को अवगत कराते हुए तय समय पर उपस्थिति हेतु आवश्यक प्रचार-प्रसार करें।
विद्यार्थियों के बायोमेट्रिक अपडेशन के साथ-साथ इन शिविरों में महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत 0 से 6 वर्ष के बच्चों के नवीन आधार पंजीयन तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत आयुष्मान कार्ड में आधार ई-केवाईसी हेतु आने वाले हितग्राहियों के लिए भी आवश्यक व्यवस्था की गई है, जिससे एक ही शिविर में विविध आधार संबंधी सेवाओं का लाभ नागरिकों को मिल सकेगा।
द्वितीय चरण में शेष विद्यालयों में शिविर आयोजित का एमबीयू के लक्ष्य की पूर्ति की जाएगी ।प्राप्त जानकारी के अनुसार शिविरों का समय प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक निर्धारित किया गया है ।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!