

कोंडागांव: कोंडागांव जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जगदलपुर से रायपुर की ओर जा रही कांकेर रोडवेज की तेज रफ्तार यात्री बस ने घोड़ा गांव के समीप एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जंगल की ओर जा घुसी।
हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि कार सवार सभी लोग कोंडागांव से गीदम की ओर जा रहे थे। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस तेज गति से चल रही थी। जोरदार टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तत्काल मौके पर पहुंचे और घायलों को कार से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने जिले में तेज रफ्तार बसों के संचालन पर चिंता जताते हुए कहा कि अनियंत्रित गति लगातार सड़क दुर्घटनाओं का कारण बन रही है। लोगों ने परिवहन विभाग और प्रशासन से बसों की गति पर नियंत्रण, नियमित जांच अभियान चलाने तथा लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात व्यवस्था बहाल कर दी है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार माना जा रहा है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।











