

अंबिकापुर/सूरजपुर: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) इकाई अंबिकापुर ने भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के विश्रामपुर सैटेलाइट कार्यालय में हुए 28 लाख 55 हजार 968 रुपये के गबन मामले में आरोपी के खिलाफ विशेष न्यायालय में चार्ज सीट पेश किया है। एसीबी ने शुक्रवार को आरोपी को गिरफ्तार कर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के विशेष न्यायालय, सूरजपुर में प्रस्तुत किया।
दरअसल इस मामले की शिकायत एलआईसी विश्रामपुर सैटेलाइट कार्यालय के तत्कालीन शाखा प्रबंधक विनोद कुमार सोनी द्वारा आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) मुख्यालय रायपुर को भेजी गई थी। शिकायत में बताया गया था कि कार्यालय में पदस्थ तत्कालीन सहायक प्रशासनिक अधिकारी अमोद कुमार लकड़ा ने विभिन्न तिथियों में प्राप्त नकद राशि को बैंक में जमा नहीं किया।
जांच में सामने आया कि अप्रैल 2019 से अक्टूबर 2020 के बीच कार्यालय में प्राप्त प्रीमियम और अन्य मदों की कुल 28 लाख 55 हजार 968 रुपये की नकद राशि को सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया की सतपता शाखा में जमा किया जाना था, लेकिन आरोपी द्वारा उक्त राशि बैंक में जमा नहीं की गई। इसके बजाय जमा राशि दर्शाने के लिए कथित रूप से कूटरचित पे-इन स्लिप तैयार कर एलआईसी कार्यालय में प्रस्तुत की गई।प्रारंभिक जांच में शिकायत के तथ्यों की पुष्टि होने के बाद एसीबी ने वर्ष 2022 में आरोपी के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 409, 467, 468 और 471 के साथ ही भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।
इस संपूर्ण विवेचना के बाद पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर एसीबी अंबिकापुर ने आरोपी अमोद कुमार लकड़ा के विरुद्ध विशेष न्यायालय, पीसी एक्ट सूरजपुर में चार्ज सीट पेश कर आगे की न्यायिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।











