

गौरेला: जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही पुलिस की डॉयल-112 टीम ने एक बार फिर अपनी त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सर्पदंश की शिकार एक महिला की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई है।
जानकारी के अनुसार, रात्रि करीब 12:59 बजे डॉयल-112 गौरेला फालकन-1 को ग्राम जमुनिया टोला धनौली से एक महिला को सांप काटने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही डॉयल-112 में तैनात आरक्षक क्रमांक 143 रामदयाल आयाम एवं चालक गोपाल पुरी तत्काल मौके के लिए रवाना हुए।टीम के ग्राम जमुनिया टोला धनौली पहुंचने पर पता चला कि सोनकुंवर पनिका (55 वर्ष), पति स्वर्गीय बैशाखु पनिका, निवासी जमुनिया टोला धनौली, रात्रि में जमीन पर सो रही थीं। इसी दौरान उन्हें जहरीले सर्प ने डस लिया था, जिससे उनकी हालत बिगड़ने लगी।डॉयल-112 टीम ने बिना देर किए महिला को परिजनों के साथ ईआरवी वाहन में बैठाकर जिला अस्पताल गौरेला पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया। समय पर चिकित्सा सुविधा मिलने के कारण महिला की स्थिति अब सामान्य बताई जा रही है और उनका उपचार जारी है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी ग्राम धनौली में जमीन पर सो रही एक युवती को सर्पदंश होने पर डॉयल-112 टीम ने समय पर अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाई थी।जिला जीपीएम पुलिस ने आम नागरिकों से वर्षा ऋतु के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि यथासंभव जमीन पर सोने से बचें, चारपाई या बेड का उपयोग करें तथा मच्छरदानी लगाकर सोएं। सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक या घरेलू उपचार में समय गंवाने के बजाय तत्काल डॉयल-112 या नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें, ताकि समय पर उपचार उपलब्ध हो सके और जीवन की रक्षा की जा सके।











