बलरामपुर: कलेक्टर  चंदन संजय त्रिपाठी की अध्यक्षता में जीवन दीप समिति जिला अस्पताल कार्यकारिणी समिति की बैठक आज संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में विगत बैठक के पालन प्रतिवेदन की समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने हेतु विभिन्न महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इस दौरान आम नागरिकों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने जिला अस्पताल को दिव्यांगजन-अनुकूल (डिसेबल फ्रेंडली) एवं वृद्धजन-अनुकूल (एल्डरली फ्रेंडली) बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर में सियान गुड़ी की तर्ज पर वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं  की जाएं तथा आगामी तीन माह के भीतर इसकी कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित करें।बैठक में जीवन दीप समिति की वार्षिक आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया गया तथा जिला चिकित्सालय की आवश्यकताओं पर गहन विचार-विमर्श किया गया। कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन बेहतर ढंग से करना सुनिश्चित करें। उन्होंने उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करते हुए बेहतर सेवाएं प्रदान करने की बात कही। उन्होंने अधिकारी-कर्मचारी को समय पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए अपने दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करने को कहा।

बैठक में जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने हेतु पार्किंग, सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, रिक्त पदों की भर्ती, मरम्मत कार्य तथा विभिन्न मदों में व्यय के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही अस्पताल की अन्य आवश्यकताओं से जुड़े विभिन्न एजेंडों पर विचार कर अनुमोदन किया गया।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय सिंह, सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक डॉ. शशांक गुप्ता, डॉ. अनुज पैकरा, सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!